डेरा सच्चा सौदा की हरियाणा 45 मेंबर कमेटी का अध्यक्ष कृष्ण चौहान फिर गिरफ्तार
सिरसा। डेरा सच्चा सौदा की हरियाणा 45 मेंबर कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण चौहान व 15 मेंबरी कमेटी के पदाधिकारी नवीन कुमार उर्फ गोभी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर करके अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सोमवार को पुलिस दोनों आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी। कोर्ट ने कृष्ण चौहान व नवीन कुुमार को एक दिन के पुलिस रिमांड में भेज दिया। रिमांड के दौरान सदर थाना पुलिस दोनों को डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय लेकर गई। कृष्ण चौहान व नवीन ने पुलिस को डेरा मुख्यालय स्थित तेरावास भवन की निशानदेही करवाई।
सदर थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि डेरा स्थित तेरावास भवन में 45 मेंबर कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण चौहान व 15 मेंबरी कमेटी के पदाधिकारी नवीन कुमार उर्फ गोभी ने अनुयायियों को भड़काऊ भाषण दिए थे। दोनों ने डेरा अनुयायियों से कहा था कि अगर डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सीबीआई अदालत दोषी करार देती है तो चुप नहीं बैठना, चाहे अपनी जान ही क्यों न देनी पड़े। 25 अगस्त 2017 को सीबीआई कोर्ट ने डेरा प्रमुख को दोषी करार दिया तो डेरा अनुयायी हिंसा पर उतारू हो गए। सिरसा में डेरा अनुयायियों ने आगजनी की और सुरक्षा बलों पर फायरिंग करने लगे। सुरक्षा बलों की दंगा विरोधी कार्रवाई में छह उपद्रवियों की गोली लगने से मौत हो गई। बता दें कि कृष्ण चौहान के हाथों में डेरा सच्चा सौदा के सभी आयोजनों की कमान होती थी। उसके निर्देश पर डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम का हर संदेश अनुयायियों तक पहुुंचता था।