रेलवे फाइल नंबर-एक
---
डिब्बे को पटरी पर लाते समय अचानक लगा जोर का झटका, दो रेलवे कर्मी घायल
-दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पटरी से उतरे डिब्बे को रेलवे लाइन पर किया जा सका खड़ा
-डीआरएम भी फोन पर लेते रहे पल-पल की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। रोहतक दिल्ली ईएमयू के डिब्बे के पटरी से उतरने के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दिल्ली से तकनीकी दल भेजा गया। डिब्बे को पटरी पर लाने के दौरान अचानक जोर का झटका लगने से कार्य कर रहे दो रेलवे कर्मचारी भी गिरने से घायल हो गए। हालांकि, चोट ज्यादा नहीं लगी। दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डिब्बे को पटरी पर लाया जा सका। वीरवार को रेलवे कर्मचारी रेलवे लाइन को दुरस्त करने में जुटे रहे।
बुधवार रात सवा नौ बजे ईएमयू रोहतक रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। यात्रियों को उतारने के बाद चालक ट्रेन को यार्ड में खड़ी करने के लिए जा रहा था। कच्चा बेरी रेलवे फाटक के निकट अचानक ट्रेन का तीसरे डिब्बा पटरी से उतर गया। आनन-फानन में दिल्ली से तकनीकी दल रोहतक पहुंचा। करीब दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पटरी से उतरे डिब्बे को लाइन पर लाकर रेलवे गोदाम के पास खड़ा कराया गया। डिब्बे को पटरी पर लाने के दौरान अचानक करीब तीन बजे जोर का झटका लगने से डिब्बों के बीच जोड़ को हटाने का कार्य कर रहे दिल्ली के कर्मचारी हरिशंकर और मोनू रेलवे ट्रेक पर ही गिरने के कारण घायल हो गए। डीआरएम भी पल पल की जानकारी लेते रहे। रेलवे अधिकारियों ने जांच के बाद इस मामले में कार्रवाई की बात कही।
---
ईएमयू का डिब्बा पटरी से उतरने के बाद तकनीकी दल ने उसे कड़ी मशक्कत कर रेलवे गोदाम के पास खड़ा करा दिया। मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-नितिन चौधरी, सीपीआरओ रेलवे