तीन वीडियो जारी कर बख्शी ने पूछा, पुलिस आने के भी20 मिनट बाद पहुंचा
सांघी अस्पताल में तोड़फोड़ और फूंकने पहुंचने का आरोप किस आधार पर लगा
- पुलिस पर राजनीतिक दबाव के तहत उन पर संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लाया
- हरियाणा पंजाबी स्वाभिमान संघ की चेतावनी एफआईआर रद्द नहीं हुई 15 जून से प्रदेश में आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सांघी अस्पताल में चार जून को उपचार के दौरान डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची मौत के बाद डॉक्टरों और हरियाणा पंजाबी स्वाभिमान संघ आमने-सामने आ गए हैं। हरियाणा पंजाबी स्वाभिमान संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत बख्शी पर अस्पताल में तोड़फोड़ करने और तेल लेकर अस्पताल का फूंकने का आरोप लगाया है, जिस पर शुक्रवार को उन्होंने एक प्रेसवार्ता कर तीन वीडियो जारी किए।
इन विडियो को जारी कर हेमंत बख्शी ने पुलिस से पूछा कि अस्पताल में हंगामा होने और पुलिस के पहुंच जाने के भी 20 मिनट बाद वह पहुंचे थे। ऐसे में, उनके खिलाफ अस्पताल में तोड़फोड़ करने और आग लगाकर उसे फूंकने आने का आरोप किस आधार पर लगाया गया। इतना ही पुलिस ने बगैर जांच किए झूठे आरोप में रिपोर्ट भी दर्ज कर ली। हेमंत बख्शी ने चेतावनी दी है कि अगर छह दिन में उन पर दर्ज झूठी एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो 15 जून से प्रदेश भर में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत बख्शी ने कहा कि डॉक्टर सांघी ओर से अस्पताल को आग लगाने, तोड़फोड़ करने व बंधक बनाने जैसे झूठे और गंभीर आरोप लगाए है, यह आरोप षडयंत्र के तहत लगाए है। इसके साथ ही पुलिस ने राजनीतिक दबाव के चलते उन पर झूठे आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। चार जून को पुलिस विभाग के कर्मचारियों और प्रदर्शनकारियों की ओर से बनाए गए वीडियो में वह कहीं भी मौजूद नहीं है। इससे ही सिद्ध हो जाता है कि उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। उन्होंने बताया कि जिस समय वह पहुंचे तो पुलिस पहले से ही मौजूद थी। सभी प्रदर्शनकारियों को उन्होंने ही अस्पताल से बाहर निकाला, इसके बावजूद उनके ऊपर झूठे आरोप लगाए गए। इस मौके पर सर्वजन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला, समाजसेवी श्याम मेहता, पार्षद अशोक खुराना, पार्षद गुलशन ईश पुनियानी, व्यापारी नेता सूरज रसवंत, युवा नेता लवलीन टुटेजा, एसआर चुघ, गुलशन उप्पल, अविनाशी लाल नारंग, पंकज वधवा, एसके बजाज, अरविंद पाहवा आदि मौजूद थे ।
- सांघी अस्पताल के डॉक्टर पर करेंगे मानसिक उत्पीड़न और मानहानि का केस
हेमंत बख्शी ने बताया कि झूठे आरोप से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर सच्चाई रखे। इसके साथ ही नियम विरुद्ध चल रहे अस्पतालों को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वह मानसिक प्रताड़ना और मानहानि का केस सांघी अस्पताल के डॉक्टर और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रोहतक पर करेंगे, जिन्होंने झूठा मुकदमा लिखवाकर उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आईएमए रोहतक संस्था को रद्द करने की मांग भी करते हैं।