कृषि मंत्री खुद पहुंचे लाभार्थी के घर चूल्हा और गैस सिलिंडर देने
बहादुरगढ़।
भारत सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से मुझे गैस चूल्हा व सिलेंडर फ्री में मिला। इसके लिए सरकार का बहुत धन्यवाद करना चाहती हूं। मेरी जरूरतमंद परिवारों से अपील भी है जिनके घर में रसोई गैस का कनेक्शन नहीं हो तो वह इस योजना का पूरा लाभ उठाएं। ये विचार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी शाहपुर गांव की सुमन पत्नी स्व. अमृत लाल ने व्यक्त किए। उन्होेंने और उनके परिवार ने हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा खुद गैस कनेक्शन देने घर पहुंचने पर खुशी जताई।
जानकारी के अनुसार सुमन ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लिए आवेदन किया था। वह अपनी बारी का इंतजार कर रही थी। इस दौरान कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने खुद लाभार्थी के घर चूल्हा और सिलिंडर पहुंचाया। कृषि मंत्री के इस कदम की ग्रामीणों ने भी भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। कृषि मंत्री धनखड़ ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं। रविवार को मंत्री के साथ शाहपुर के सरपंच अनिल कुमार, सुरेश नंबरदार, रणधीर, तकदीर सिंह, ईश्वर, दीपक पंच, सतपाल पंच, मोनू, डा.बिजेंद्र, डा.सतबीर, प्रशांत राठी व सतीश सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।