अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
श्रम एवं रोजगार मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि भाजपा की राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों में बराबर विकास कार्य करवा रही है। वे रविवार को कलानौर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने सैनी धर्मशाला कलानौर के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की। मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम जनता की एक-एक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाये।
उन्होंने कहा कि कलानौर के वार्ड नंबर 9 के लोगों ने जो भी मांग रखी है। उन सभी को जल्द से जल्द पूरा किया जायेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास राज्य सरकार के विरुद्ध कोई मुद्दा नहीं है और विपक्ष के नेता आधारहीन बयानबाजी करके लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते है। वहीं, मंत्री नायब सैनी ने भाली आनंदपुर स्थित पांचवें ग्राम महोत्सव की अध्यक्षता की। जिसका शहीद चंद्रशेखर आजाद सेवा समिति द्वारा आयोजन किया गया था। कपिल पुरी के सानिध्य में आयोजित इस वार्षिक ग्राम उत्सव में श्रम एवं रोजगार मंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गांव के विकास को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गयी हैं। जिसका सीधा लाभ ग्राम वासियों को मिल रहा है जिनमें ग्राम सचिवालय, प्रधानमंत्री सड़क योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य आधुनिक सुविधाओं से गांव को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नौकरियों में भाई-भतीजावाद व क्षेत्रवाद को दूर कर योग्यता के आधार पर नौकरी दी जा रही हैं। इस दौरान उन्होंने शहीद स्मारक व केशव भवन का दौरा भी किया। इसके अलावा उन्होंने समिति द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी ली और उन्होंने समिति द्वारा चलाए जा रहे समाज सेवा के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे कार्यो को अन्य गांवो के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर आरएसएस के प्रांत कार्यवाह देव प्रसाद भारद्वाज ने भी लोगों को संबोधित किया। ग्राम उत्सव में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता योग के प्रति जागरूकता और जिमनास्टिक की प्रस्तुतियां दी गई। कलाकार राकेश जीवन पुरिया, गजेंद्र फोगाट व गगन हरियाणवी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर रामअवतार वाल्मीकि, रमेश बल्हारा, लोकेश जैन, रोहित सहारण, सुरेन्द्र फोगाट, राजेश आर्य, भूपेन्द्र मलिक, आजाद बुधवार, सुनील आर्य भी मौजूद रहे।