फर्जी जाति प्रमाणपत्र बनवाकर शामलाती जमीन पट्टा पर लेने का आरोप
चरखी दादरी।
अनुसूचित जाति के हक की शामलात भूमि पर अनुचित ढंग से की गई बोली व पट्टा को रद्द करने के लिए गांव छपार के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला उपायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने उपायुक्त से बोली व पट्टा रद कराने की मांग की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि अनुसूचित जाति के फर्जी प्रमाणपत्र बनवाकर गांव के ही कुछ लोगों ने अवैध रूप से बोली में हिस्सा लिया। उपायुक्त ने मामले की जांच एसडीएम ओमप्रकाश देवराला को सौंपी है। छपार निवासी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में 18 दिसंबर को भी वो उपायुक्त से मिले थे।
उपायुक्त को मंगलवार को सौंपी शिकायत में ग्रामीण धर्मबीर, जयसिंह, रिसाल, कृष्ण, ईश्वर, मनीराम, जयसिंह, उदयभान, मंगत राम, रणधीर, कर्ण सिंह, राजकुमार, इंद्र आदि ने बताया कि छपार में गत तीन जून को गांव के ही कुछ लोगों ने अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाकर अनुसूचित जाति की 14 एकड़ शामलात भूमि की बोली लगा दी। इस संबंध में उन्होंने आठ जून को शिकायत भी दी थी। जिला पंचायत अधिकारी के आदेशानुसार खंड पंचायत अधिकारी द्वारा गांव में जाकर पड़ताल की गई उक्त बोलीदाताओं की नायक जाति से संबंध रखने की बात सामने आई। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यवाही इससे आगे नहीं बढ़ पा रही और अधिकारी उन्हें गुमराह कर रहे हैं। इस संबंध में जिला उपायुक्त ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।