चलते-चलते सीएम ने बच्ची से सुना पहाड़ा, ईनाम के तौर पर दिए पांच सौ रुपये
भिवानी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर बुधवार को फ्रेंड्स कॉलोनी में कैप्टन घनश्याम सिंह तंवर के निधन पर शोक जताने के बाद निकल रहे थे तो उनकी वहां से गुजर रही बच्ची और बुजुर्ग महिला पर पड़ी तो उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई। मुख्यमंत्री के काफिले को देखने के लिए खड़ी बुजुर्ग महिला कृष्णा देवी से सीएम ने बातचीत कर उनका कुशलक्षेम पूछा और उनके साथ उनकी पोती चौथी कक्षा की छात्रा कर्मिष्ठा से भी बात की।
सीएम ने कर्मिष्ठा से उसका नाम, स्कूल और कक्षा के बारे में पूछा। सीएम ने बच्ची से 12 का पहाड़ा सुनाने को कहा। बच्ची ने तुरंत 12 का पहाड़ा सुना दिया। सीएम ने खुश होकर कर्मिष्ठा को 500 रुपये ईनाम स्वरूप दिए। कर्मिष्ठा गांव तालू निवासी बिजेंद्र सिंह पंघाल की बेटी है, जो फ्रेंड्स कॉलोनी में ही रहते हैं।