अलवर से लैपटॉप और नकदी बरामद
चरखी दादरी।
करीब तीन माह पूर्व वार्ड दस स्थित एक मकान से हजारों की नकदी सहित इलेक्ट्रानिक्स सामान चोरी करने के दो आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलवर से लैपटॉप और नकदी बरामद की है। पुलिस ने भिवानी निवासी आरोपी पारस की निशानदेही पर छह हजार की नकदी व आरोपी भूपेंद्र की निशानदेही पर लैपटॉप बरामद किया है। इन दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि पूरी होने व माल की बरामदगी होने के बाद पुलिस ने इन्हें दोबारा से कोर्ट में पेश किया जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस इनके दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
28 सितंबर को वार्ड 10 निवासी केशव ने सिटी थाना पुलिस को एक शिकायत दी थी कि वह शादी समारोह में शरीक होने अपने परिवार सहित गया था। इस दौरान अज्ञात ने पीछे से मकान में घुसकर यहां से नकदी व हजारों का इलेक्ट्रानिक्स सामान चोरी कर लिया। पीड़ित केशव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने जब घर में रखे सामान की जांच की तो 35 हजार की नकदी, दो लैपटाप, दो जोड़ी पाजेब, चार जोड़ी चांदी की चुटकी व दो चार्जर उसे गायब मिले। पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने इस मामले में गत एक जनवरी को शहर के पाहवा चौक निवासी मनोज उर्फ भोंदू व वाल्मीकि नगर निवासी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि प्रधान सिपाही संदीप कुमार की टीम ने इस मामले के दो और आरोपी भिवानी के रामगंज मोहल्ला निवासी भूपेंद्र उर्फ मोनू व भिवानी के सेवा नगर निवासी पारस को रिमांड पर लेकर अलवर के गांव कमालपुर से लैपटॉप व छह हजार की नकदी बरामद की है।