100 मीटर में जाट कॉलेज का परमवीर, एमकेजेके कॉलेज की दीपिका अव्वल
- एमडीयू में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज
- जाट कॉलेज और सीआरए कॉलेज सोनीपत के खिलाड़ियों का दबदबा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एमडीयू के खेल विभाग में शनिवार को तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन कुलपति प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया ने किया। इस दौरान कुलपति ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए यूनिवर्सिटी हर समय तैयार है। उन्होंने जल्द ही डॉ. मंगलसैन जिम्नेजियम हॉल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का बनाने के लिए आश्वासन दिया। कुलपति ने खेलों में यूनिवर्सिटी का नाम चमकाने के लिए खेल विभाग की पीठ थपथपाई। खेल बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. कृष्णा चौधरी ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ओलंपियन ललित माथुर और प्रशिक्षक मुकेश वत्स को सम्मानित किया गया। खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल ने बताया कि प्रतियोगिता में ध्वजारोहण अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रविंद्र कुंडू ने किया। इस मौके पर कोच रमेश सिंधु, डॉ. राजकंवर हुड्डा, सुभाष शर्मा, मुकेश गोयल, मनीष सिंह, कपिल शर्मा, चंद्रकलां, विकास, कृष्ण, राजेश, अमरजीत, वजीर, धर्मेंद्र और सविता चौधरी आदि मौजूद रहे।
महिला वर्ग में यह रहे विजेता
1500 मीटर महिला वर्ग के फाइनल में एमकेजेके कॉलेज रोहतक की निधि ने 5.18 मिनट में दौड़ कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर जीसी कॉलेज फरीदाबाद की प्रियंका, तीसरे स्थान पर टीआरजी सोनीपत की अंजू और चौथे स्थान पर जीडी गुरुग्राम की लीना को मिला। 400 मीटर में जीसीडब्ल्यू मोखरा की सुनील प्रथम, दीपिका द्वितीय और पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज की मुस्कान, 5000 हजार मीटर में जीसी बहादुरगढ़ की पूजा, एमएमवी झोंझूकलां की मुन्नी और टीआरजी कॉलेज सोनीपत की अंजू ने बाजी मारी। 100 मीटर में जीसीडब्ल्यू रोहतक की दीपिका, एमकेजेके कॉलेज रोहतक की हेमू और निकिता ने बाजी मारी। शॉट पुट टीआरपीजी सोनीपत की प्रीति, अनिशा दहिया और एसएमएम पलवल की विवेका ने जीत हासिल की। हाईजंप में एएमएम भिवानी की सुमन, जीसी दुबलधन की हीना और टीआरपीजी सोनीपत की शिवानी को विजेता चुना गया।
पुरुष वर्ग में यह रहे विजेता
1500 मीटर पुरुष वर्ग में सीआरए सोनीपत के मंगेश, जीआर डिग्री कॉलेज के रोहित, सीआरए सोनीपत के सुनील, और जाट कॉलेज के दिनेश ने बाजी मारी। फाइनल डिस्कस थ्रो में सीआरए सोनीपत के वजीर, अशोक कुमार और जाट कॉलेज के सचिन को विजेता चुना गया। ट्रिपल जंप में जाट कॉलेज रोहतक के सचिन, सीआरए सोनीपत के दीपेंद्र, डीएवी फरीदाबाद के हरेंद्र सिंह, 100 मीटर में जाट कॉलेज के परमवीर, गौड कॉलेज रोहतक के चिराग और जाट कॉलेज के कपिल ने शानदार प्रदर्शन किया। लंबी कूद में डीएवी कॉलेज के हरेंद्र, जाट कॉलेज के सचिन और रविंद्र कुमार ने बाजी मारी। 400 मीटर में जाट कॉलेज के आयुष, सीआरए सोनीपत के रविंद्र और जीसी गुरुग्राम के सन्नी विजेता रहे। 5000 हजार मीटर में सीआरए सोनीपत के मंगेश, जीसी बहरोर के सुनित, जीजीडीएसडी पलवल सतन, हाईजंप में सीआरए सोनीपत के धर्मपाल, जीबी कॉलेज के उज्जवल और सीआरए सोनीपत के रौनक ने बाजी मार ली। जैवलिन थ्रो में सीआरए सोनीपत के अभिषेक, सागर और जीसी भिवानी के मंजीत को विजेता चुना गया।