अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जिला परिषद चेयरमैन बलराज कुंडू और धनखड़ बंधुआें के बीच चल रहे लेनदेन के विवाद में नया मोड़ आ गया है। आरोप है कि शिमली गांव निवासी रमेश धनखड़ ने पंचायती रहे बहुअकबरपुर निवासी 71 वर्षीय जलकरण बल्हारा को फोन करके उसे और जिप चेयरमैन बलराज कुंडू को जान से मारने की धमकी दी। सदर पुलिस ने बल्हारा की शिकायत पर रमेश धनखड़ के खिलाफ धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक जलकरण बल्हारा ने शिकायत दी है कि वे पंचायतों में शामिल होते रहते हैं। जिप चेयरमैन बलराज कुंडू और रमेश धनखड़ के बीच चल रहे लेनदेन के विवाद को सुलझाने के लिए 22 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था। गठित में बहुअकबरपुर अठगामा, महम चौबीसी, कादियान खाप, कथूरा बारहा, अहलावत खाप, बोहर अठगामा, हुड्डा खाप व कुंडू खाप से सलाह दी गई। कमेटी ने 5-6 पंचायत करके फैसला सुनाया कि बलराज कुंडू निर्दोष है। कुछ राजनीतिक लोगों द्वारा पूरा प्रकरण कुंडू की छवि खराब करने के लिए चलाया गया। इसके लिए दोनों पक्षों से दो-दो जमानती और शपथ पत्र लिया गया। फैसले के बाद वह घर पहुंचा ही था कि उसके मोबाइल पर रमेश धनखड़ ने फोन करके गालियां दी और पूरी कमेटी के साथ-साथ बलराज कुंडू को भी जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रमेश धनखड़ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सतबीर सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।