फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेरा प्रमुख पर फैसला आज: सुरक्षा प्रबंध चौकस, बसों के 18 रूट प्रभावित

विज्ञापन
विज्ञापन
डेरा प्रमुख पर फैसला आज: सुरक्षा प्रबंध चौकस, बसों के 18 रूट प्रभावित
विज्ञापन

चरखी दादरी।
सिरसा डेरा प्रमुख संत राम रहीम के यौन शोषण मामले में 25 अगस्त को आने वाले सीबीआई कोर्ट के फैसले के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पूरे जिले को सील कर दिया गया है। शहर के चारो ओर नाकेबंदी कर निगरानी रखी जा रही है। एसपी व डीसी खुद स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। रोडवेज डिपो से बसें वीरवार को पानीपत तक ही चलाई गई। 25 अगस्त को स्कूल, कॉलजों में अवकाश घोषित भी किया गया है। वीरवार को दादरी-चंडीगढ़ रूट पर चलने वाली नौ बसों के 18 रूट प्रभावित हुए। इससे एक तरफ जहां रोडवेज को हजारों का फटका लगा तो वहीं यात्रियों को भी परेशानियां उठानी पड़ी। वीरवार शाम को प्रशासन ने शहरवासियों व डेरा प्रेमियों से शांति की अपील कायम रखने की अपील करते हुए फ्लैग मार्च भी निकाला।
जिला प्रशासन ने कानूनी व्यवस्था रखने के लिए प्रशासन ने जिला के चारों तरफ नाकाबंदी कर दी है। एसपी सुनील दलाल ने पांच दंगारोधी रिजर्व कंपनियां तैनात की हैं। इनमें एक महिला कंपनी भी शामिल है। वहीं, जिला में डेरा अनुयायियों पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है। पेट्रोल पंप मालिकों को भी वाहन के अलावा बर्तनों में पेट्रोल व डीजल न डालने के आदेश जारी कर रखे हैं। इस बारे में सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त हिदायतें दी गई हैं। जिला प्रशासन लगातार सैन्य अधिकारियों के भी संपर्क में है। डीसी के निर्देशानुसार जरूरत पडने पर सेना के जवान कुछ घंटों में ही मौके पर पहुंच जाएंगे। डीसी विजय सिद्प्पा ने जिलेवासियों से अपील की है कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाह के बहकावे में ना आए और शांति व्यवस्था बनाए रखें।
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर
उपायुक्त ने स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, परिवहन, खाद्य एवं आपूर्ति, राजस्व, नगरपरिषद, पंचायत आदि विभागों के अधिकारियों को भी जरूरत पड़ने पर तत्पर रहने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक सुनील दलाल ने लोगों से अपील की है कि ऐसी स्थिति में झूठी खबरें व अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए। सोशल मीडिया, मोबाइल फोन या अन्य निराधार सूचनाओं व अफवाहों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस प्रशासन नजर रखे हुए है ओर अगर शुक्रवार को हालातों के मुताबिक ही इंटरनेट सेवा बाधित रखने का प्रशासन फैसला ले सकता है।
जिले में यहां की गई नाकाबंदी
पुलिस प्रशासन ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छह पुलिस नाके लगाए हैं। इनमें से एक नाका घिकाड़ा चौक, बरसाना मोड़, आदमपुर दाढ़ी, बौंद नहर के समीप, अचीना ताल चौकी के पास व बाढड़ा क्षेत्र में जुई रोड पर उमरवास नहर के समीप नाका लगाया गया है। इन नाकों पर आठ से दस पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा शहर में भी नाकेबंदी की गई है।
250 पुलिस कर्मचारियों को रखा गया है रिजर्व
जिले में सुरक्षा व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए एसपी सुनील दलाल के निर्देश पर पांच दंगारोधी कंपनियां तैयार की गई हैं। एक कंपनी में 50 पुलिस कर्मचारी हैं। इन पांच कंपनियों में से एक महिला कंपनी भी है। 25 अगस्त को संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 250 पुलिस कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा सभी थाना प्रभारी 2 को अपने-अपने क्षेत्र में टीम सहित सतर्क रहने के आदेश भी एसपी की तरफ से जारी किए गए हैं। पुलिस की दंगारोधी दो कंपनियां डीएसपी हैड क्वार्टर सुरेश हुड्डा के नेतृत्व में तथा दो कंपनियां बाढड़ा डीएसपी अनूप दहिया के नेतृत्व में तैनात की गई हैं। महिला कंपनी की कमान महिला थाना प्रभारी को सौंपी गई है।
धरने व प्रदर्शन करने पर लगी रोक
जिलाधीश के आदेश हैं कि कानून व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी स्थान पर पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर पाबंदी रहेगी। कोई भी व्यक्ति हाथ में घातक हथियार जैसे चाकू, लाठी, जेली, तलवार, गंडासी लेकर चलता पाया गया या किसी ने सरकारी सेवाओं व जनसुविधाओं को क्षति पहुंचाने का प्रयास किया तो उसको तुरंत हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में इस दौरान धरना-प्रदर्शन करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया।
आज स्कूल ,कॉलेज रहेंगे बंद
25 अगस्त को सभी स्कूल व कालेजों को बंद रखने के भी सरकार की ओर से निर्देश हैं। सभी सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं में 25 अगस्त को अवकाश रहेगा। रोडवेज डिपो की ओर से वीरवार को बसें दादरी से पानीपत तक ही चलाई गई। दादरी से चंडीगढ़ बस सेवा वीरवार से बंद कर दी गई है। दादरी से चंडीगढ़ रोजाना नौ बसें चलती थी। रोडवेज विभाग ने दिन व रात्रि बस सेवा फिलहाल बंद कर दी है।
वर्जन::
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन तैयार है। लॉ एंड ऑर्डर को भंग करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हम मामला दर्ज करेंगे। सोशल मीडिया पर हम नजर रखे हुए हैं। पुलिस की मॉक ड्रिल भी जारी है। क्षेत्रवासियों से अपील है कि संयम व धैर्य से काम लें।
सुनील दलाल, एसपी
वर्जन:
हमने धारा-144 पहले ही लागू कर रखी है। प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। लोगों से अपील है कि कोर्ट के फैसले का सम्मान करें और शांति बनाए रखें। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। अगर कोई कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो फिर प्रशासन सख्ती से निपटेगा।
विज्ञापन

विजय कुमार सिद्प्पा, डीसी
कंट्रोल रूम स्थापित, इंटरनेट सेवाएं बाधित
चरखी दादरी। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के मामले को लेकर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चरखी दादरी में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। डीसी विजय कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय पर कमरा नंबर 106 में यह कंट्रोल रूम बनाया गया है। डीसी ने बताया कि इसके लिए अलग से फोन नंबर 1250-220052 भी जारी किया गया है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है। डीसी ने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि अगले 72 घंटों के लिए इंटरनेट सेवाएं बाधित रखी जा सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें