30 गांवों में छापामारी, 63 बिजली चोर पकड़े
चरखी दादरी।
बिजली निगम अधिकारियों की छह टीमों ने पुलिस बल के साथ जिले के अटेला बिजली सब डिविजन के तहत करीब 30 गांवों में बिजली की चोरी रोकने के लिए छापामारी की। इस दौरान 63 उपभोक्ताओं को बिजली की चोरी करते हुए पकड़ा गया। इन उपभोक्ताओं पर करीब साढ़े 10 लाख जुर्माना लगाया गया है। इससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा रहा।
बिजली निगम के एसडीओ जयप्रकाश घणघस ने बताया कि शनिवार को जिले के अटेला बिजली सब डिविजन के तहत बिजली की चोरी रोकने के लिए छापामारी की गई। उन्होंने बताया कि शनिवार को छह टीमों ने इस डिविजन के तहत करीब 30 गांवों में दिनभर छापामारी की। इस दौरान टीमों ने अलग-अलग गांवों में जाकर घरों में जाकर मीटरों व तारों की औचक चेकिंग की। चेकिंग के दौरान इन गांवों से 63 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए।
एसडीओ जयप्रकाश ने ये उपभोक्ता सीधे तौर पर बिजली की चोरी कर रहे थे। कई गांवों में लोगों ने सीधे मेन लाइन से कुंडी लगा रखी थी तथा काफी उपभोक्ता मीटर के जरिए चोरी कर रहे थे। कई उपभोक्ताओं के मीटरों में भी छेड़छाड़ मिली। उन्होंने बताया कि इन 63 बिजली चोरों पर करीब साढ़े 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। चोरी में पकड़े गए उपभोक्ताओं को सोमवार तक जुर्माना राशि जमा करवाए जाने की हिदायतें दी गई हैं। जुर्माना जमा न करने पर पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। बिजली की अधिकारियों की टीम में एसडीओ बिजेंद्र के अलावा जेई मोहित, जेई महेंद्र सिंह,जेई संजीव विज, जेई रण सिंह, जेई फूल सिंह ने पुलिस की मदद से एक ही दिन इतनेे सारे गांवों में एक साथ छापामारी की।