बच्चे को कुचलने वाले ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज
महेंद्रगढ़। सोमवार की शाम को हुए हादसे में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। गौरतलब है कि सोमवार की शाम मयंक पुत्र नरेश (12) निवासी मोहल्ला लाला वाला कुआं अपने घर के बाहर खेल रहा था। मोहल्ले में ही ट्रैक्टर किसी के घर पर ईंट डालने आया था। ईंट खाली करने के बाद चालक ट्रैक्टर को तेजी से भगा कर ले जा रहा था इसी दौरान मयंक चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल मयंक को उप नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चालक मौके पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। मंगलवार को पुलिस ने मृतक के परिजन रोशन लाल के बयान पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।