रोहताश नगर के पास बुधवार सुबह दो युवकों ने निजी बैंक के कर्मचारी पर डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद उससे 47 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन व टेबलेट लूट लिए। इस संबंध में पीड़ित ने सिटी थाने में केस दर्ज कराया है। कर्मचारी बैंक की ओर से रुपये की वसूली (रिकवरी) के लिए जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव उमरेड निवासी वकील सिंह ने दी शिकायत में कहा है कि वह नेहरू कॉलोनी स्थित निजी बैंक में नौकरी करता है। उसकी ड्यूटी बैंक की ओर से लोगों को रुपये फाइनेंस करना व उनसे रिकवरी के लिए लगाई गई है। रोहताश नगर की महिलाओं ने ग्रुप बनाकर बैंक से लोन लिया है। सुबह वह बाइक से रुपये कलेक्शन करने गया था। दो ग्रुप से उसने रुपये लिए और बाइक से लौटने लगा। जब वह रोहताश नगर के पास ग्लास फैक्टरी के पीछे गली में पहुंचा तभी दो युवकों ने सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर बाइक सहित गिर गया। इस दौरान दोनों युवकों ने उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद उसका बैग छीन लिया। इसमें 47,200 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन व टेबलेट थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।