निपुण हरियाणा मिशन के तहत राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में आयोजित स्टार अवॉर्ड सम्मान समारोह में
रोहतक। निपुण हरियाणा मिशन के तहत राजकीय स्कूलों में चलाए जा रहे फाउंडेशन लिटरेसी एंड न्यूमरेसी, एफएलएन प्रोग्राम के अंतर्गत विद्यार्थियाें को किस्से व कहानियों से पढ़ाने वाले शिक्षकों को स्टार अवाॅर्ड से नवाजा गया। बुधवार को राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल मेंं आयोजित कार्यक्रम में अप्रैल से मई माह तक चयनित 45 शिक्षकों को उपायुक्त अजय कुमार ने सम्मानित किया।
शिक्षा विभाग की ओर से चलाए गए इस प्रोग्राम के तहत हर माह खंड स्तर पर विद्यालय से कक्षा एक से तीसरी तक के तीन शिक्षकों को क्लस्टर, ब्लाॅक व जिला स्तर पर सीपीआईयू व बीपीआईयू की निरीक्षण टीम ने चयनित किया। विभाग की ओर से तय मानकों के अनुसार शिक्षकों को रोचक किस्से कहानियों के जरिए विद्यार्थियों को पढ़ाने का दो मिनट का वीडियो बनाकर भेजने को कहा गया था। इसके बाद जिलास्तरीय कमेटी ने स्कूलों का निरीक्षण किया। इसमें शिक्षकों के पढ़ाने के तरीके व विद्यार्थियों की भाषा विकास, रीडिंग, वर्ण पहचान, ध्वनि पहचान, सरल जोड़ का परीक्षण किया गया। विभाग के तय मानकों पर खरे उतरे शिक्षकों स्टार अवार्ड के लिए चयनित किया गया। विभाग की ओर से एफएलएन के अंतर्गत यह प्रोग्राम शिक्षकों व विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला परियोजना समन्वयक आशा दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह, सभी खंड शिक्षा अधिकारी व डीप्टी डीईओ आदि मौजूद रहे।