दाल के दाम भले ही आसमान छू रहे हों, गरीबों की थाली से दाल गायब नहीं होगी।
जिले के 43 हजार लोगों को सस्ते दाम पर दाल आसानी से मिलेगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से राशन डीलरों के माध्यम से यह सस्ती दाल उपलब्ध कराई जाएगी, जिसे अंत्योदय, एसबीपीएल और सीबीपीएल कार्ड धारक ले सकते हैं।
राशन डीलरों के पास 3209 कुंतल दाल पहुंच चुकी है।
पिछले कुछ माह के दौरान दाल के मूल्य बेतहाशा बढ़े हैं। दाल खाना आम लोगों के बूते से बाहर हो चला था। लेकिन आपूर्ति विभाग ने गरीबों के लिए सस्ती दरों पर दाल की व्यवस्था कर दी है।
रोहतक शहरी और ग्रामीण के अलावा कलानौर, सांपला, महम और लाखनमाजरा ब्लॉक में स्टेट बीपीएल कार्ड धारक 21520, सेंट्रल बीपीएल कार्ड धारक 15874 और अंत्योदय कार्ड धारक 5671 हैं।
इन सभी को सरकार की ओर से हर माह 20 रुपये प्रति किलो की दर ढाई किलो दाल दी जाएगी। 3209 कुंतल दाल राशन डीलरों को भेज दी गई है। दाल को हर तीन महीने में बदला जाएगा और इस समय चने की दाल दी जाएगी।
------------------
सभी राशन डीलरों के पास दाल पहुंच गई है। जल्द ही कार्ड धारकों को दाल मिलनी शुरू हो जाएगी। राशन कार्ड धारक केवल 20 रुपये प्रति किलो में दाल ले सकेंगे।
अनीता खरब, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी।