सरपंच अनिल हत्याकांड में तीन सदस्यीय एसआईटी गठित
चरखी दादरी।
हड़ौदी सरपंच अनिल हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने सोमवार को एसआईटी गठित कर दी है। एसआईटी का इंचार्ज बाढड़ा उप पुलिस अधीक्षक को नियुक्त किया गया है। हत्याकांड के तीन दिन बाद भी बाकी दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। एसआईटी के अलावा जिले की तीन पुलिस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जिलों में दबिश भी दे चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि हड़ौदी निवासी एक व्यक्ति की क्रेटा गाड़ी लूटकर स्कॉर्पियो सवार बदमाश फरार हो गए थे। इनका सरपंच अनिल कुमार ने पीछा किया था और लुटेरे रास्तों के जाल में उलझकर हड़ौदी गांव ही जा पहुंचे। वहां पहले से तैयार ग्रामीणों ने इन्हें घेर लिया और सरपंच अनिल कुमार ने अपनी गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे अड़ा दी थी। इस पर लुटेरों ने सरपंच सहित एक अन्य ग्रामीण पर भी फायर किया था। गोली सरपंच के गर्दन में लगी थी और कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया था जबकि एक अन्य ग्रामीण को गोली नहीं लग पाई थी। ग्रामीणों ने मौके पर ही महम के किशनगढ़ निवासी दीपक उर्फ दीपा व तिवाला निवासी परविंद्र को मौके पर ही दबोच कर धुनाई कर दी थी। हत्याकांड के दौरान उनके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे और उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
एसपी हिमांशु गर्ग ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की थी। इनमें सीआईए दादरी, सीआईए बाढड़ा व बाढड़ा पुलिस थाने की टीम शामिल है। इन टीमों ने अलग-अलग जगहों पर दबिश भी दी लेकिन आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई। अब इस मामले में एसपी हिमांशु गर्ग ने तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की है। इसमें डीएसपी बाढड़ा दलीप सिंह, बाढड़ा थाना प्रभारी विकास ओल्हाण व सीआईए दादरी प्रभारी हितेंद्र दांगी को शामिल किया गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो एसआईटी टीम भी सोमवार शाम को दबिश देने के लिए जा चुकी है।
वर्जन::
पुलिस अधीक्षक ने बाकी बचे दो आरोपियों को काबू करने के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की है। पुलिस टीमें हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है। जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है।
सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता