अमर उजाला ब्यूरो
सांपला।
नेशनल हाईवे 9 पर इस्माइला गांव के पास चलती गाड़ी में आग लगने से शुक्रवार देर रात को तीन लोगों की जान पर बन आई थी। तीनों युवकों ने चलती गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन लोगों ने इसकी सूचना फायर बिग्रेड और पुलिस को दी। फायर बिग्रेड के आने तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत यह रही कि आज से नहीं किसी की जान नहीं गई।
घटनाक्रम के अनुसार रोहिणी निवासी विकास कुमार ने बताया कि वह अपने जानकारों अजमेर और रोहतास के साथ ऑल्टो गाड़ी में सवार होकर रोहतक से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। उन्होंने बताया कि वे लोग रोहतक से इस्माइला फ्लाईओवर के पास ही पहुंचे थे कि तभी गाड़ी में अचानक आग लग गई। गाड़ी में आग लगने का पता चलने पर उन लोगों ने गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने फायर बिग्रेड और पुलिस को सूचित किया। लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी आने तक उनकी गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। उनके अनुसार आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका।