डेंगू ने खोली स्वास्थ्य विभाग की पोल, इस्तीफा दें मंत्री : हुड्डा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व हरियाणा के पूर्व मंत्री कृष्ण मूर्ति हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में डेंगू का कहर बरपा हुआ है। डेंगू ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी है। अब नैतिकता के आधार पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को इस्तीफा दे देना चाहिए।
शुक्रवार जारी प्रेस बयान में कृष्ण मूर्ति हुड्डा ने कहा कि इन दिनों सरकारी और निजी अस्पताल डेंगू के रोगियों से भरे हैं। पीजीआईएमएस रोहतक में एक बेड पर तीन-तीन मरीज उपचार पा रहे हैं। सरकार की गलत नीतियों के कारण मरीजों को दवाएं तक नहीं मिल रही हैं। अपनी खामियां छिपाने के लिए सरकार डेंगू से हो रही मौतों का ब्यौरा तक नहीं दे रही हैं। राज्य व केंद्र सरकार ने समय रहते डेंगू के फैलने पर कोई कार्रवाई नहीं की। स्वयं स्वास्थ्य विभाग की फोगिंग भी कागजों में ही सिमट गई। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री स्वयं को एक योग्य प्रशासक मानते हैं। जबकि उनके कार्यकाल में ही डेंगू बुखार महामारी का रुप तीन सालों में ले चुका है। हुड्डा सरकार में सरकारी अस्पतालों में निशुल्क मिल रही दवाइयां अब सपना बन गई हैं। पहले यह दवाएं स्थानीय स्तर पर खरीदी जाती थी, लेकिन अब स्वास्थ्य मंत्री ने सिस्टम को ही बदल दिया है। इसके कारण अस्पतालों में दवाईयां ही सप्लाई नहीं हो रही हैं। खट्टर सरकार की कथनी व करनी में अंतर है।