आज ही खरीद लें कपड़े, कल से चार दिन बंद रहेगी कपड़ा मार्केट
भिवानी। अगर आप कपड़े खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आज ही खरीद लें। क्योंकि अगले चार दिन तक कपड़ा मार्केट व कपड़ों की सभी दुकानें बंद रहेंगी। जीएसटी के विरोध में कपड़ा व्यवसायी और व्यापार मंडल ने बंद का आह्वान किया है।
शहर में कपड़ों की करीब सात सौ दुकानें है। सरकार की ओर से जीएसटी के पांच प्रतिशत के स्लैब में कपड़ों को रखा गया है। लेकिन कपड़े से संबंधित अन्य सामान पर 18 प्रतिशत तक टैक्स लगाया गया है। व्यापारियों की मानें तो औसतन 15 प्रतिशत टैक्स कपड़ों पर लगेगा। तीन दिन पहले हुई देशभर के कपड़ा व्यापारियों की बैठक में 27 से 29 मार्च तक कपड़ा मार्केट बंद कर जीएसटी का विरोध करने का निर्णय लिया गया है। इसमें भिवानी के सभी करीब सात सौ कपड़ा दुकानदार शामिल होंगे।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी के विरोध में 30 को भारत बंद का आह्वान किया है और भिवानी के व्यापारी भी इस बंद में शामिल हो रहे है। ऐसे में 30 को भी कपड़ों की दुकानें बंद रहेगी। इसके बाद एक जुलाई को ही मार्केट खुलने की संभावना है। हालांकि व्यापारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के बाद भी उनसे टैक्स नहीं हटाया तो हड़ताल अनिश्चितकालीन की जाएगी।
दिल्ली में हुई बैठक में 27 से 29 जून तक कपड़ों की सभी दुकानें बंद कर जीएसटी का विरोध करने का निर्णय लिया गया है। कपड़े आज गरीब से गरीब लोग की भी जरूरत है और उन पर टैक्स लगाना गलत है। इसी के विरोध में कपड़ा मार्केट बंद रहेगी।
गिगराज जैन, संरक्षण
व्यापार मंडल भिवानी
----
जीएसटी के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने 30 जून को भारत बंद करने का निर्णय लिया है। निर्णय के तहत भिवानी जिले में भी सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
भानुप्रकाश, अध्यक्ष
भिवानी व्यापार मंडल