संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जिले में सावन के पहले दिन ही मानसून ने बेहतर शुरुआत रही, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बीते दिन जिले में औसतन 40.6 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई है। कलानौर खंड में सबसे अधिक 89 एमएम बारिश हुई। शुक्रवार को तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में हुई इस कमी के चलते अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
सीजन में वीरवार देर रात व शुक्रवार अलसुबह जोरदार बारिश हुई। बारिश से शहर में जलभराव की स्थिति बनी रही। शहर में सेक्टर-1, दिल्ली रोड, बस अड्डा चौक, भिवानी रोड, हिसार रोड, जींद रोड व शहर की विभिन्न कॉलोनियों में पानी की देर शाम तक निकासी नहीं हो पाई।
रोहतक में 18, महम में 64, कलानौर में 89 एमएम, सांपला में 2 व लाखन माजरा में 30 एमएम बारिश रही। इधर, प्रशासन ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए कर्मचारियों को तैनात किया। ये कर्मचारी दोपहर तक समस्या को दूर करने में जुटे रहे।