रोहतक। शहर के नेताजी नगर के व्यक्ति को बिजली का कनेक्शन कटने का झांसा देकर अज्ञात युवकों ने 40 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने ठगी के 90 मिनट के अंदर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल की, लेकिन अभी तक पैसे खाते में नहीं आए हैं। इस संबंध में आर्य नगर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक नेताजी नगर निवासी तिलकराज ने दी शिकायत में बताया कि 30 सितंबर की रात को उसे व्हाट्सएप पर मैसेज आया कि आपने बिजली का बिल जमा नहीं कराया। बिल का भुगतान नहीं किया तो रात साढ़े 9 बजे कनेक्शन काट दिया जाएगा। बिल भुगतान के लिए एक नंबर दिया गया, जिस पर कॉल करने के लिए बोला गया। उसने बताए नंबर पर कॉल की तो उसके खाते से 40 हजार रुपये कट गए। इसके लिए आरोपियों ने ऑनलाइन 2 रुपये का लेनदेन किया। उसने तुरंत बैंक की हेल्पलाइन नंबर व साइबर क्राइम के हेल्प लाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बावजूद अभी तक राशि वापस नहीं मिली है। ब्यूरो