झज्जर। धनतेरस पर मंगलवार को शहर के बाजारों में रौनक नजर आई। लोगों ने जमकर खरीदारी की। बर्तनों के अलावा सोने-चांदी के जेवरात की जमकर खरीददारी हुई। लगभग 40 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
मंगलवार को पैर रखने तक की जगह नहीं थी। पूरा बाजार ग्राहकों से भरा नजर आया। बाजार के आसपास तथा मुख्य मार्गों पर भी वाहनों का जाम लगा रहा। धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण खरीदना भी शुभ माना जाता है। हालांकि इस बार सोने व चांदी की कीमतें पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक हैं, लेकिन बाजार पर इसका खास असर नहीं है। लोगों ने सोने-चांदी के जेवरात जमकर खरीदे। काफी लोगों ने पहले से ही बुकिंग की हुई थी और धनतेरस पर सामान की डिलीवरी ली। आभूषण निर्माता व विक्रेताओं के पास पहले से ही काफी ऑर्डर हैं। कारोबारियों की माने तो धनतेरस पर एक दिन में 40 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। धनतेरस पर लोग अपने बजट के हिसाब से सोने व चांदी के आभूषण खरीदते हैं। समय पर डिलीवरी लेने के लिए एक-दो महीने पहले ही ऑर्डर दे दिए। तब सोने की कीमत भी कम रही थी। उसके बावजूद लोगों में खरीददारी को लेकर पूरा उत्साह देखने को मिला।
बर्तन की दुकानों पर रही भीड़
धनतेरस पर स्टील के बर्तनों की खरीददारी करना भी शुभ माना जाता है। मंगलवार को बर्तन स्टोर पर महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ दिखी। सुबह से ही महिलाएं प्लेट, चम्मच, गिलास के अलावा प्रेशर कूकर व अन्य सामान लेने के लिए दुकानों पर पहुंचना शुरू हो गई थी। देर शाम तक दुकानों पर खरीददारी जारी रही। झाड़ू की खूब बिक्री हुई।