27जेएनडी29-बड़नपुर में तैयार किया गया 33 केवी पावर हाउस। संवाद
जींद। बड़नपुर गांव में 33 केवी बिजली पावर हाउस शुरू हो गया है। इससे न केवल शहर के उपभोक्ताओं को बल्कि आसपास के कई गांवों को भी पूरी वॉल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। उपभोक्ताओं को अब बार-बार की ट्रिपिंग और कम वोल्टेज से छुटकारा मिलेगा।
शहर के 133 केवी पॉवर हाउस से लोड घटाने व ग्रामीण क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सप्लाई मुहैया करवाने के लिए निगम ने योजना बनाई थी। इस पॉवर हाउस पर लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत आई है। अब शहर व चार-पांच गांव के उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
यह परियोजना लंबे समय से निर्माणाधीन थी लेकिन अब इसके शुरू होने के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इस पावर हाउस से बड़नपुर, सुंदरपुरा, झील के अलावा नरवाना के कई वार्डों को बिजली की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस पावर हाउस में 12.5-12-5 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसके अलावा अत्याधुनिक ट्रांसफार्मर, नियंत्रण कक्ष और सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। इससे न केवल बिजली की गुणवत्ता बेहतर होगी बल्कि लाइनलॉस में भी कमी आएगी।
उपभोक्ताओं को होती थी परेशानी
ग्रामीण क्षेत्र और शहर के वार्डों में रह रहे उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ता था। अब नए पावर हाउस से जुड़ने के बाद 24 घंटे बिजली आपूर्ति संभव होगी। इसके अलावा, क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों को भी स्थिर वोल्टेज मिलने से उत्पादन कार्य पर सकारात्मक असर पड़ेगा। गर्मियों में अक्सर पंखे और मोटरें ठीक से नहीं चलती थीं जिससे रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित होते थे।
वर्जन
बिजली निगम ने बड़नपुर गांव में 33 केवी का पॉवर हाउस का निर्माण हुआ है। अब शहर के साथ-साथ तीन-चार गांव के उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मुहैया होगी।-एमएल सुखीजा, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम जींद