आयु प्रमाण नहीं मिलने पर ट्रामा सेंटर पहुंचे बुजुर्गों ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। वृद्धावस्था पेंशन के लिए आयु प्रमाण नहीं मिलने से नाराज बुजुर्गों ने बुधवार को ट्रामा सेंटर में जमकर हंगामा किया। आयु प्रमाण की रिपोर्ट के लिए शिविर लगाए जाने की गलत सूचना मिलने पर दूर-दराज से बुुजुर्ग पीजीआई पहुंचे। गुस्साई भीड़ ने सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में सिविल सर्जन ने उन्हें समझा कर शांत किया। यही नहीं उनकी सुविधा के लिए हर महीने की 26 तारीख को सामान्य अस्पताल में आयु प्रमाण के लिए समय निर्धारित होने की भी जानकारी दी।
बुधवार को जिले के विभिन्न इलाकों से बुजुर्ग अपनी पेंशन के लिए आयु की पुष्टि कराने पीजीआई के ट्रामा सेंटर में पहुंचे। यहां आयु की पुष्टि के लिए डॉक्टर नहीं मिले। इससे नाराज बुजुर्गों ने वहां हंगामा खड़ा कर दिया। यहां से उन्हें समझा कर सिविल सर्जन में संपर्क करने की सलाह दी गई। इसके चलते सभी सिविल सर्जन से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे। यहां भी रोष स्वरूप नारेबाजी करते हुए बुजुर्गों ने नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि वे सूचना मिलने पर दूर दराज से यहां आए हैं। कई बुजुर्गों की हालत तो खड़ा रहने तक की भी नहीं है। इस कारण गाड़ी किराए पर करके लानी पड़ी। घंटों बर्बाद करने के बाद भी काम नहीं हुआ। यदि शिविर की सूचना गलत सूचना थी तो प्रशासन को इसकी जानकारी मिलते ही सही सूचना जारी करानी चाहिए थी। ऐसा नहीं होने से बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सोशल मीडिया पर यह सूचना आग की तरह फैली।
सीएमओ डॉ. अनिल बिरला ने उन्हें समझाते हुए कहा कि किसी ने गलत सूचना जारी कर दी। इसके चलते बुजुर्गों को परेशानी उठानी पड़ी। पेंशन के लिए उम्र संबंधी पुष्टि के लिए डॉक्टरों को रिपोर्ट देनी होती है। इसके लिए सामान्य अस्पताल में हर महीने की 26 तारीख का दिन तय किया हुआ है। यहां विभाग केवल डॉक्टरों की सेवा मुहैया कराता है। काम समाज कल्याण विभाग का है। विकलांगता प्रमाण पत्र के लिए बुधवार का दिन तय है। इसके अलावा अन्य किसी दिन वे परेशान न हों।