नगर निगम की मतदाता सूची फाइनल होने के बावजूद उजागर हो रही गड़बड़ी ---
मकान 150 गज का, मतदाता 35
: निगम प्रशासन को सौंपी 10 मकानों की सूची, जहां रह रहे एक मकान में दिखाए गए 3 दर्जन से ज्यादा लोग
: सूची संशोधन में बढ़ गई हैं वार्ड 12 में 255 वोट
: विनोद हुड्डा ने जताई फर्जी वोटों की आशंका
: ज्वाइंट कमिश्नर ने दिए मामले की जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। एक तरफ नगर निगम चुनाव के लिए फाइनल मतदाता सूची प्रकाशित कर चुका है, नए वार्ड नंबर 12 में गड़बड़ी उजागर हुई है। मतदाता सूची के लिए 10 मकान ऐसे हैं, जहां 150 से 200 गज के मकान रिहायश दिखाकर 30 से 35 लोगों के वोट दर्शाए गए हैं।
निगम आयुक्त के नाम ज्वाइंट कमिश्नर को सौंपी शिकायत में शीतल मॉल के मालिक विनोद हुड्डा ने शिकायत दी है कि उनका आवास नए वार्ड 12 में आता है, जहां से उनकी पत्नी चुनाव लड़ रही हैं। नई वार्डबंदी के बाद 12 जून को प्रकाशित मतदाता सूची में 10 हजार 969 वोट दर्शाई गई थी, लेकिन अब फाइनल मतदाता सूची में 11 हजार 224 वोट दिखाई गई हैं। मतदाता सूची का निरीक्षण किया तो 10 मकान ऐसे मिले, जहां कम जगह के बावजूद 30 से 35 मतदाता दिखाए गए हैं। इस तरह फर्जीवाड़ा किया गया है, जिसकी जांच पड़ताल की जाए। ज्वाइंट कमिश्नर रवींद्र ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
यह एरिया है अब नए वार्ड में, सीनियर डिप्टी मेयर लड़ रही चुनाव
निगम के नए वार्ड 12 में अब रामगोपाल कालोनी, सेक्टर 3, एमडीयू कैंपस, मेडिकल, तिलक नगर, कमल कॉलोनी, एमडीयू कैंपस, देव कॉलोनी, निर्मल नगर, एमडीयू, राजीव नगर, एमडीयू, एमडीयू कैंपस, छोटूराम नगर व भरत कॉलोनी आती हैं।
गांव के साथ शहर में भी वोट
शक है कि वार्ड के अंदर कुछ एरिया में गांवों से परिवार आकर बसे हैं। कुछ लोगों ने अपनी वोट गांव में भी बनवानी और शहर में भी। नियमों के तहत यह गलत है। ऐसे में मतदाता सूची को अपडेट किया जाए।
-विनोद हुड्डा, शिकायतकर्ता