एम- 3 से लेकर 6
पंजाब मेल के इंजन में फंसा रेलवे ट्रैक का टुकड़ा, बड़ा हादसा टला
- रोहतक रेलवे स्टेशन से मात्र 500 मीटर पहले हुआ हादसा
- ट्रेन आने के समय टुकड़े को छोड़कर भाग गए थे कर्मचारी
- सूचना पाते ही जीआरपी, आरपीएफ व रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
रेलवे स्टेशन से 500 मीटर पहले दिल्ली से रोहतक होते हुए फिरोजपुर कैंट जाने वाली पंजाब मेल के इंजन के सामने रेलवे कर्मचारियों की लापरवाही से मंगलवार की सुबह रेलवे ट्रैक का टुकड़ा फंस गया। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। सूचना पाते ही जीआरपी, आरपीएफ से लेकर रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी तरह टुकड़े को निकाला गया। ट्रेन करीब 35 मिनट तक खड़ी रही। यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे फिरोजपुर कैंट को जाने वाली ट्रेन 12137 पंजाब मेल दिल्ली के रास्ते से रोहतक के लिए आ रही थी। सुबह 9 बजे ट्रेन को रोहतक रेलवे स्टेशन पर पहुंचना था। बताया गया कि जैसे ही ट्रेन रोहतक रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर पहले पहुंची तो निजी ठेकेदार के कर्मचारी रेलवे ट्रैक को बदलने के लिए एक टुकड़े को लेकर जा रहे थे। अचानक से ट्रेन को आता देखकर कर्मचारी ट्रैक के करीब 60 किलोग्राम टुकड़े को मौके पर ही छोड़कर भाग लिए। इसी बीच एक युवक ने अपनी लाल शर्ट निकालकर ट्रेन को रुकवाने के लिए इशारा किया। ट्रेन धीमी हो गई मगर रेलवे लाइन का टुकड़ा ट्रेन के इंजन में जा फंसा। हालांकि कोई हादसा नहीं हुआ। मामले की सूचना पाते ही मौके पर सहायक मंडल अभियंता सुमन बल्हारा, जीआरपी थाना एसएचओ नरेंद्र सिंह, आरपीएफ थाना एसएचओ एसपी सिंह व अन्य इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी तरह रेलवे ट्रैक के टुकड़े को इंजन से निकाला गया। ट्रेन करीब 35 मिनट खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों को भी परेशानी का सामना करने को मजबूर होना पड़ा।
रोहतक में पंजाब मेल के इंजन में रेलवे लाइन का टुकड़ा फंस गया था। कोई हादसा नहीं हुआ है। जांच कराकर लापरवाह ठेकेदार या फिर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- नितिन चौधरी, सीपीआरओ रेलवे