शराब तस्करी का आरोपी सरगना गिरफ्तार
चरखी दादरी।
महेंद्रगढ़ चुंगी पर पकड़े गए ट्रक से बरामद शराब की 182 पेटियां रोहतक जिले के टिटोली निवासी अनूप की है। पुलिस गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों के इस खुलासे के बाद पुलिस ने शराब तस्करी के सगरना अनूप को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस सूत्रों की मानें तो इस मामले में अभी दो-तीन गिरफ्तारियां और होनी बाकी है और जिला पुलिस प्रदेश से बाहर भी दबिश दे सकती है। वहीं, रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ करने में पुलिस जुटी हुई है।
गौरतलब है कि शुक्रवार देर शाम दादरी सीआईए टीम ने पंजाब नंबर के ट्रक में बने स्पेशल केबिन से तीन अलग-अलग मार्का की 182 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की थी। इस शराब को ट्रक में बनाए स्पेशल केबिन में छुपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस को गच्चा देने के लिए शराब की पेटियों के ऊपर केबिन बनाकर सीमेंटेड टाइलें भी रखी हुई थी। सीआईए टीम ने ट्रक सहित झज्जर जिले के गांव भंभेवा निवासी अनिल व राजस्थान के सीकर जिला निवासी सुरेश को गिरफ्तार भी किया था। पुलिस को इनके पास से सीमेंटिड टाइलों की एक बिल्टी भी बरामद हुई थी। इसके अनुसार माल को झज्जर जिले से बिहार के हाजीपुर ले जाया जा रहा था। बिल्टी की जांच से पहले जिला पुलिस ने शराब मालिक का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों ने बताया कि यह शराब रोहतक जिले के गांव टिटोली निवासी अनूप की है और बहु अकबरपुर गांव से इसे ट्रक में लोड किया गया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि टिटोली निवासी अपुन शराब ठेकेदार भी है और वह इस अवैध शराब की तस्करी का सरगना है। रविवार को जिला पुलिस ने आरोपी अनुप को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया गया। पुलिस सूत्रों की मानें तो इस मामले में अभी और गिरफ्तारियां होनी बाकी है और जिला पुलिस तस्करी के दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बिहार में भी दबिश देगी।
वर्जन:::
रोहतक जिले के गांव टिटोली निवासी अनुप शराब तस्करी का सरगना है। एएसआई विक्रम सिंह की टीम ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है और अगर जरूरत पड़ी तो प्रदेश से बाहर भी पुलिस दबिश देगी।
सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता