किसान सम्मेलन में जा रहे युवक को गोली मारकर घायल किया
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
पूर्व सीएम हुड्डा के कार्यक्रम में शरीक होने गुरुग्राम से आए एक युवक और उसके साथियों पर कुछ लोगों ने पथराव और फायर किया। गोली लगने से युवक घायल हो गया, उसे उपचार के लिए शहर के ही ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस घायल युवक और कार में बैठे अन्य युवकों के बयान लेकर जांच में जुटी है।
बलेवां गुरुग्राम निवासी राजेश (21) बुधवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की होने वाली रैली में शरीक होने घर से चला था। माढैया में बाइक खड़ी कर वह साथियों के साथ गाड़ी से अनाज मंडी में हो रही किसान महापंचायत में शरीक होेने निकला। हुडा कांपलेक्स के पास बाइक पर मौजूद कुछ युवकों ने कार पर पथराव कर दिया। जैसे ही कार में बैठे लोग बाहर निकले, बाइक सवारों में से एक युवक ने फायर कर दिया। गोली राजेश की बाई जांघ में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
पुरानी रंजिश की बात आ रही सामने, जांच शुरू
वारदात के बाद कुछ ही दूरी पर मौजूद सदर थाना पुलिस के जवान घायल को थाने लाए। यहां से उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजने के साथ ही मामले की जानकारी स्थानीय सेक्टर-तीन पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस ने अस्पताल में उपचार होने के बाद घायल युवक व कार में बैठे लोगों के बयान लिए। शुरुआती पूछताछ में कार में बैठे युवकों की केएलपी कॉलेज में पढ़ाई के समय से झगड़ा होने की बात सामने आई है।
घायल का उपचार शहर के ट्रामा में करवा दिया गया है। पीड़ित और कार सवार अन्य लोगों के बयान लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। - ब्रह्मजीत, चौकी प्रभारी, सेक्टर-3 पुलिस चौकी