जमीन विवाद में भाई ने भाई को कुल्हाड़ी से काटा
चरखी दादरी।
गांव पैंतावास खुर्द में जमीन विवाद के चलते एक भाई ने दूसरे भाई को कुल्हाड़ी से हमलाकर उसकी हत्या कर दी। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया हैं।
पुलिस प्रवक्ता मंजीत अहलावत ने बताया कि वीरवार रात करीब दस बजे गांव पैंतावास खुर्द निवासी बिल्लु व उसके छोटे भाई जगविंद्र के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हो गई। बाद में कहासुनी हाथापाई में बदल गई और गुस्साए जगविंद्र ने कुल्हाड़ी से बिल्लू पर हमला कर दिया। इस दौरान बिल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देख रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बिल्लू की मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी उदमीराम ने बताया कि परिजनों के बयान पर जगविंद्र पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।