40...जेल रोड पर खाली जगह में मृत मिले 29 कुत्ते। संवाद
रोहतक। सुनारिया जेल रोड पर मंगलवार को 29 लावारिस कुत्ते मरे मिले। एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर से महज 4-5 किमी दूर मिले शवों पर टांके लगे हुए थे। इससे बधियाकरण से मौत की आशंका जताई जा रही है। राष्ट्रीय स्तर की पशु कल्याण संस्था एसएएस के वॉलंटियर अरविंद वर्मा ने बड़ी संख्या में कुत्तों की मौत और उनके शव फेंकने के मामले में शिवाजी कॉलोनी थाने में अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कराई है।
बड़ी संख्या में कुत्तों के शव मिलने पर नगर निगम, पशुपालन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुत्तों की मौत का कारण जानने के लिए पशु चिकित्सकों ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम टीम ने मृत कुत्तों को विधिवत मिट्टी में तो दबा दिया।
पशु प्रेमी अरविंद ने बताया कि कुत्तों के शव पर ताजा जख्म से प्रतीत हो रहा है कि बधियाकरण के तुरंत बाद कुत्तों की मौत हुई है। उन्हें रिकवरी के लिए कंट्रोल सेंटर में बेहतर उपचार नहीं मिला। शवों को खुले में फेंककर बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण के नियमों की भी अनदेखी की गई।
2021 में डॉग फ्लू से बड़े पैमाने पर मरे थे कुत्ते
रोहतक में अप्रैल 2021 में भी बड़े पैमाने पर कुत्तों की मौत हुई थी। तब इनकी मौत की वजह जानलेवा बीमारी डॉग फ्लू थी। इस दाैरान हर रोज औसतन दस कुत्ते मर रहे थे। हालांकि, तब भी इतनी संख्या में कुत्तों के शव नहीं मिले थे।
वर्जन-
-बुधवार को इस संबंध में जिला उपायुक्त व एसपी से मिलकर शिकायत देंगे। निगम आयुक्त से मंगलवार को ही मिले हैं। रुपया चौक के निकट बनाए गए एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर में इस समय लगभग 150 कुत्ते हैं। 30 जून तक कुत्तों के बधियाकरण का टेंडर है।
-सत्यप्रकाश, निदेशक, नैन फाउंडेशन
-जेल रोड पर मृत कुत्तों की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। निगम व पशु पालन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पशु प्रेमी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
-राकेश सैनी, थाना प्रभारी, शिवाजी काॅलोनी।
40...जेल रोड पर खाली जगह में मृत मिले 29 कुत्ते। संवाद