जिला सामान्य अस्पताल में सैंपल लेते चिकित्सक। संवाद
- फोटो : RohtakCity
कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नहीं ले रही है। सोमवार को जिले में 259 नए संक्रमित मिले। इसमें दो, तीन व चार साल के चार बच्चे, 39 विद्यार्थी, 38 गृहिणी, 15 शिक्षकों के अलावा डॉक्टर, नर्स, बैंक कर्मी, सरकारी कर्मचारी, निजी कर्मचारी, सीए, व्यवसायी, दुकानदार, किसान, बुुजुर्ग शामिल हैं। वहीं, संक्रमण से छह लोगों की मौत भी हुई है। जबकि श्मशान में देर शाम तक 34 शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में सोमवार को छह लोगों की संक्रमण से मौत की सूचना है। इसमें माड़ौदी रांगड़ान का 58 वर्षीय व्यक्ति, किलोई का 75 वर्षीय व्यक्ति, रेलवे रोड का 78 वर्षीय व्यक्ति, कलानौर की 44 वर्षीय महिला व सेक्टर दो की 75 वर्षीय महिला शामिल है। इनका कोविड-19 नियमों के तहत अंतिम संस्कार कराया गया है। इसके अलावा जिले में 259 नए संक्रमितों के साथ अब तक संक्रमित हुए लोगों का आंकड़ा 15,327 पहुंच गया है। वहीं, विभाग ने 2452 लोगों के सैंपल लिए। जिले में अब तक तीन लाख 54 हजार 511 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 3 लाख 84 हजार 457 की रिपोर्ट निगेटिव रही। जिले में 727 मरीजों को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 1205 हो गई है। इनमें से 36 अस्पताल में व 1169 घरों पर एकांतवास में उपचाराधीन हैं। जिले मेें संक्रमण दर 4.32 प्रतिशत व रिकवरी दर 90.95 प्रतिशत है।
इधर, महामारी से बचाव के लिए वैक्सीनेशन जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को 2328 लोगों को पहली व 1252 को दूसरी डोज लगाई गई। अब तक जिले में एक लाख 20 हजार 802 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।