रोहतक। लोकसभा चुनाव में साढ़े 25 हजार युवा मतदाता शनिवार को पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ दिए गए हैं। युवाओं को मतदाता पहचान पत्र नहीं मिल सके तो वे दूसरी आईडी दिखाकर अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे।
पांच साल में ढाई लाख से ज्यादा बढ़ी मतदाताओं की संख्या
चुनाव आयोग के आंकड़ों पर नजर डाले तो पांच साल में 2019 के मुकाबले 2024 में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 51 हजार हो गई है। इसमें 90 प्रतिशत युवा मतदाता हैं, जो पहली बार वोट डालेंगे। ऐसे में युवाओं के अंदर लोकतंत्र में वोट के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
कोसली में सबसे ज्यादा वोट
रोहतक लोकसभा के अंदर 9 हलके आते हैं। इसमें गढ़ी सांपला-किलोई, रोहतक शहर, महम व कलानौर रोहतक जिले, बहादुरगढ़, बादली, झज्जर शहर व बेरी झज्जर जिले व कोसली रेवाड़ी जिले में आता है। मतदाताओं की संख्या के हिसाब से यादव बाहुल्य कोसली हलका सबसे बड़ा है, इसमें ढाई लाख मतदाता हैं। वोटर की संख्या के हिसाब से सबसे छोटा हलका बेरी है, यहां करीब 2 लाख मतदाता हैं।
रोहतक शहर में साढ़े तीन हजार सीनियर सिटीजन मतदाता
रोहतक शहर हलके में मतदाताओं की संख्या 1 लाख 99 हजार 585 हो गई है। इसमें 3 हजार 599 सीनियर सिटीजन हैं, जबकि 3195 युवा मतदाता हैं जबकि 3 हजार 064 दिव्यांग मतदाता हैं।