अजय चौटाला ने दी पीजी डिप्लोमा इन काउंसलिंग एंड बिहेवियर मैनेजमेंट की परीक्षा
सिरसा। जेबीटी भर्ती घोटाले मामले में तिहाड़ जेल में दस साल कैद काट रहे इनेलो नेता अजय सिंह चौटाला दो दिन की पैरोल पर शनिवार को सिरसा पहुंचे। दिल्ली हाईकोर्ट ने अजय चौटाला को सिरसा में पीजी डिप्लोमा इन कांउसलिंग एंड बिहेवियर मैनेजमेंट की परीक्षा देने के लिए पैरोल दी थी। शनिवार दोपहर सवा दो बजे अजय चौटाला परीक्षा देने के लिए सिरसा के लॉर्ड शिवा कॉलेज पहुंचे। परीक्षा दोपहर ढाई बजे शुरू हुई। शाम पांच बजे परीक्षा समाप्त होने पर अजय चौटाला परीक्षा केंद्र से बाहर आए। अजय चौटाला को एक जुलाई की सुबह तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का निर्देश हाईकोर्ट ने दिया हुआ है। खास बात यह है कि दिल्ली सरकार चाहती थी कि अजय चौटाला को पुलिस हिरासत में परीक्षा देने के लिए सिरसा भेजा जाए, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार के अधिवक्ता की दलील नहीं मानी। गौरतलब है कि हरियाणा जेबीटी भर्ती घोटाले में दिल्ली सीबीआई कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला व उनके पुत्र अजय चौटाला को जनवरी 2013 में दस साल कैद की सजा सुनाई थी।