पुलिस बोली- सुबह नौ बजे मिलेंगे सीएम, शेड्यूल में जनता से मिलने का कोई समय नहीं
फोटो
कैनाल रेस्ट हाउस पर सीएम के पास शिकायत लेकर आई आम जनता को सुबह नौ बजे मिलने की बात कहकर लौटाया जाता रहा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रविवार और सोमवार को रोहतक, भिवानी और सोनीपत में विभिन्न कार्यक्रमों का हिस्सा होंगे। वह शनिवार की शाम कैनाल रेस्ट हाउस रोहतक पहुंच। उनके शहर में होने की खबर के साथ ही जिले की परेशान जनता कैनाल रेस्ट हाउस पहुंचने लगी, लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने से रोक दिया गया। महीनों और सालों से अपनी समस्या के हल को विभागों के चक्कर लगाकर हार चुके इन लोगों के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात ही आखिरी उम्मीद थी, वो भी टूट गई। कैनाल रेस्ट हाउस के गेट पर पहुंचीं आम जनता से कहा जाने लगा कि मुख्यमंत्री अभी नहीं बल्कि रविवार की सुबह नौ बजे उनसे मिलेंगे, लेकिन पहले से ही परेशान लोगों को क्या पता था कि सुबह मुख्यमंत्री का उनसे मिलने का नहीं बल्कि कोई और ही कार्यक्रम हैं। वह सुबह आठ बजे से राहगीरी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे और इसके बाद संकटमोचन मंदिर माता दरवाजा जाएंगे।
शहर निवासी अजीत कुमार रेस्ट हाउस के गेट पर पहुंचे। उन्हें पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। जिस पर पुलिसकर्मियों के साथ उनकी नोकझोंक हो गई। हालांकि उन्हें अंदर नहीं जाने दिया और कहा गया कि सुबह नौ बजे आइए। अंदर से आदेश है कि सीएम सुबह नौ बजे मिलेंगे। अजीत कुमार ने बताया कि दो बार सीएम विंडो में शिकायत करने के बावजूद रोहतक प्रशासन उनकी सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने आर्म लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, लेकिन लघु सचिवालय में संबंधित अधिकारी उसे लगातार टालता आ रहा है। उनका कहना था कि बिना कारण उनका लाइसेंस अधिकारी अटका रहा था, सीएम से मिलकर शिकायत करने आए थे, लेकिन मिलने नहीं दिया जा रहा। शहर निवासी तेजपाल भी सीएम से मिलने पहुंचे। उनकी शिकायत थी कि गलत बिजली का बिल आ रहा है, लेकिन अधिकारी सुनते ही नहीं है। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तो उन्होंने बताया कि अंदर मंत्री जी बैठे हैं, उन्होंने बुलाया। इस पुलिसकर्मियों ने कहा कि मंत्री जी का प्रतिनिधि जब बुलाने आएगा, तभी जाने दिया जाएगा। उन्हें भी बाहर निकाल दिया गया।
- मंत्री जी और भाजपा नेताओं से जिनकी रही पहचान, उनकी हो गई मुलाकात
हालात यह रहे कि परेशान लोग परेशान ही लौट गए और जिनकी मंत्री जी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से पहचान थी, उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री से हो गई। उनकी शिकायत भी ले ली गई। लाहली गांव निवासी सुबोध खन्ना काफी देर तक मुख्यमंत्री से मिलने के लिए परेशान गेट के बाहर खड़े रहे। उन्हें गेहूं की फसल खराब होने का मुआवजा नहीं मिल पा रहा था। असल में, चेक उनके घर भेजा गया, लेकिन वहां कोई नहीं मिलने पर चेक वापस हो गया। जिसके बाद से दो वर्ष का मुआवजा अटका है। एक आम आदमी के तौर पर उन्हें रेस्ट हाउस के गेट से लौटा दिया गया। बहुत देर परेशान रहने के बाद उनकी बात भाजपा नेता से हुई, जिसके बाद उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री से हुई।
- भाजपा कार्यकर्ताओं को भी हाथ लगी मायूसी, सीएम से मिलने के लिए लगाते रहे फोन
मुख्यमंत्री से मिलने के लिए कैनाल रेस्ट हाउस पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं को भी मायूसी हाथ लगी। रेस्ट हाउस में सीएम के पहुंचने से पहले ही कार्यकर्ता पहुंच गए थे, लेकिन सीएम के आने पर उन्हें बाहर खड़ा कर दिया गया। रेस्ट हाउस के अंदर बिल्डिंग का मुख्य दरवाजा बंद कर यहां पुलिस तैनात कर दी गई। कार्यकर्ता भी सीएम से एक मुलाकात के लिए वरिष्ठ नेताओं और मंत्री जी से गुहार लगाने में जुटे थे।
- शाम 05:14 बजे पर कैनाल रेस्ट हाउस पहुंचे सीएम
शाम 05:04 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बाबा मस्तनाथ कालेज के हेलीपैड पर उतरे। जहां से कैनाल रेस्ट हाउस के लिए रवाना हुए। शाम 05:14 बजे से वह कैनाल रेस्ट हाउस पहुंचे। डीसी रोहतक डा. यश गर्ग, आईजी नवदीप सिंह विर्क, एसपी पंकज नैन, आयुक्त नगर निगम प्रदीप डागर समेत समस्या विभागों के अधिकारी पहुंचे। इनके साथ मुख्यमंत्री की बैठक हुई। जो करीब एक घंटे तक चली। इस दौरान सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व एमएलए जयनारायण खुंडिया, एससी सेल के अध्यक्ष रामअवतार वाल्मीकि, श्रम आयोग के चेयरमैन रमेश बलहारा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय बंसल, निगरानी समिति के चेयरमैन रमेश भाटिया आदि मौजूद रहे। रात 9:50 पर सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर कैनाल रेस्ट हाउस से रवाना हो गए।