यूपी से दबोचे चोर, 15 लाख के स्मार्टफोन बरामद
चरखी दादरी।
शहर के परशुराम चौक समीप स्थित गजट स्टोर से 20 लाख के समार्टफोन चोरी करने की गुत्थी को सिटी थाना पुलिस ने दस दिन में सुलझा ली है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को भी गिरफ्तार कर उनसे 15 लाख के स्मार्टफोन बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के शामली जिले के दभेड़ी खुर्द व तितरवाड़ा चुंगी मोहल्ला दरवारपुर से गिरफ्तार किया गया है। शनिवार सुबह पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर बचे हुए स्मार्टफोन की बरामदगी व पूछताछ करने के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में खुलाया किया कि अमीर बनने के चक्कर में उन्होंने चोरी की वारदात की। ये दोनों आरोपी पिछले तीन साल से दादरी में फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम कर रहे थे।
डीएसपी हैड क्वार्टर सुरेश हुड्डा ने पत्रकारों को बताया कि दोनों आरोपियों ने 22 अगस्त की रात परशुराम चौक समीप स्थित गजट मोबाइल स्टोर से करीब 20 लाख रुपये के स्मार्टफोन चोरी कर लिए थे। मोबाइल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के अनुसार चोरों ने आधा घंटा से ज्यादा समय वारदात को अंजाम देने में लगाया। उनकी पूरी वारदात कैमरे क्षतिग्रस्त करने से पहले रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने कैमरों की डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया था। सिटी थाना पुलिस ने स्टोर संचालक संदीप की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। वहीं, स्टोर के साथ लगते शू-पैलेस के ताले भी चोरों ने इस दौरान चटकाए थे। डीएसपी हैड क्वार्टर सुरेश हुड्डा ने बताया कि शू-पैलेस से इन चोरों ने अपनी चप्पल निकालकर महज दो जोड़ी जूते ही चोरी किए। डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शू-पैलेस के ताले उन्होंने मोबाइल स्टोर समझकर गलती से तोड़े थे। ताले तोड़ने के बाद जब वो अंदर दाखिल हुए तो यह जूतों का शोरूम मिला। डीएसपी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने गजट स्टोर के ताले तोड़कर वहां लाखों के स्मार्टफोन चोरी कर लिए थे।
उन्होंने बताया कि एसपी एसपी सुनील दलाल के निर्देश पर सिटी थाना पुलिस की तीन टीमें वारदात को ट्रेस आउट करने के लिए गठित की थीं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर चोर श्रमिक तबके के लगे। इस पर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले श्रमिकों से पूछताछ की तो आरोपियों का नाम-पता मालूम चल गया। डीएसपी ने बताया कि एक फोन ऑन करने पर आरोपियों की लोकेशन भी पुलिस को पता चल गई। इसके बाद सिटी थाना प्रभारी विकास ओलहान की टीम ने यूपी के शामली जिले के गांव दभेड़ी खुर्द से शौकीन उर्फ वकील को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी वासीर को तितरवाड़ा चुंगी मोहल्ला दरवारपुर से गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से पुलिस ने मौके पर ही करीब 15 लाख रुपये के स्मार्टफोन बरामद कर लिए। आरोपियों की गिरफ्तारी में दादरी पुलिस ने शामली पुलिस की भी मदद ली। आरोपियों की पकड़ने गई टीम में एएसआई सोमबीर, प्रधान सिपाही विनोद, संदीप, सिपाही दिनेश व रोशन कुमार शामिल थे।
40 हजार में बेचने को थे तैयार, नहीं मिला खरीददार
डीएसपी हैड क्वार्टर ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपी शौकीन उर्फ वकील व वासीर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दोनों इन स्मार्टफोन को महज 40 रुपये में बेचने को तैयार थे। खरीददार न मिलने के कारण उन्हें ये फोन अपने पास ही घर में रखने पड़ रहे थे। वासीर ने बताया कि उन्होंने एक-दो लोगों से संपर्क भी किया लेकिन बात बनी नहीं।
तीन साल से रह रहे थे दादरी में
आरोपी शौकीन व वासीर ने बताया कि वो दोनों पिछले तीन साल से दादरी शहर में ही रहे थे। उन्होंने बताया कि वो फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का कार्य करते थे। इस काम में मुनाफा न होने व परिवार का पालन-पोषण करने में असमर्थ होने पर उन्होंने मोबाइल शोरूम में चोरी करने की योजना बनाई। उन्होंने बताया कि स्टोर में जाकर उन्होंने अच्छी तरह से रैकी कर एंट्री लेने की जगह का जायजा लिया। व्यवस्थाएं जांचने के बाद ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
वर्जन::
सिटी थाना प्रभारी की टीम ने दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश राज्य के शामली जिले से गिरफ्तार किया है। हमें इनसे 15 लाख के स्मार्टफोन बरामद हुए हैं। दोनों को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांडवधि के दौरान अभी और स्मार्टफोन की रिकवरी हो सकती है।
सुरेश हुड्डा, डीएसपी हेडक्वार्टर