अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रेवाड़ी डिपो के जीएम पर बस स्टैंड परिसर में पड़े पुराने होर्डिंग व अन्य सामान उठाकर अपने फार्म हाउस पर पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं रोडवेज जीएम का कहना है कि यूनियन के कुछ पदाधिकारी झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं और वे मामले की पूरी जांच के लिए तैयार हैं। इस संबंध में हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव सावंत सिंह ने बताया कि बस स्टेंड परिसर से होर्डिंग पोल उठाकर अधिकारी के फार्म हाउस पर पहुंचाए गए हैं। इसकी पूरी वीडियोग्राफी उनके पास है, जिसकी जांच होनी चाहिए। उधर, रोडवेज जीएम लाजपत राय ने बताया कि जिन होर्डिंग के पोल उठाने की बात कही जा रही है वे होर्डिंग पोल नारनौल और महेंद्रगढ़ रोड पर लगाए जाने हैं। इस बात की जानकारी कार्यालय के कर्मचारियों को भी है। ट्रक चालक को बाकायदा पर्ची काटकर दी गई थी तब उसने पोल बजाड चौकी में पहुंचाए। बोर्ड ठीक कराकर उन्हें लगाया जाएगा। जिस यूनियन के लोग इस मामले को उठा रहे हैं उससे जुड़े कर्मचारियों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने के चलते मैंने कार्रवाई की थी जिसके चलते ही वे झूठे आरोप लगाकर मेरी छवि को प्रभावित करने का काम कर रहे हैं।