जिला समाज कल्याण अधिकारी सस्पेंड, गोदारा को अतिरिक्त कार्यभार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। एक माह पहले पलवल से तबादला होकर आए जिला समाज कल्याण अधिकारी अश्वनी मदान को बुधवार को सस्पेंड कर दिया गया। दो दिन पहले मदान की मातूराम कम्यूनिटी सेंटर में प्रदेश सरकार के एक मंत्री के रिश्तेदार से कहासुनी हो गई थी। हालांकि कार्रवाई पुराने मामले में हरियाणा सिविल सर्विस के रूल 5 के तहत हुई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अश्वनी मदान पलवल से पहले पानीपत में कार्यरत रहे हैं। चंडीगढ़ से जारी हुए सस्पेंशन पत्र में रूल 5 के तहत कार्रवाई दर्शाई गई है। इसमें गलत तरीके से भत्ता क्लेम का जिक्र किया गया है। अब सोनीपत के जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा रोहतक का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। साथ ही अश्वनी मदान को चंडीगढ़ मुख्यालय में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
दो दिन पहले हुई मंत्री के रिश्तेदार से हुई गर्मागर्मी
मातूराम कम्यूनिटी सेंटर के नजदीक मंदबुद्धि बच्चों की संस्था है, जिसका अतिरिक्त कार्यभार डीएसडब्ल्यू के पास है। उस संस्था में प्रदेश सरकार के एक मंत्री के रिश्तेदार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। दो दिन पहले जब अश्वनी मदान संस्था में गए तो वहां गर्मागर्मी हो गई। हालांकि सस्पेंशन पत्र में कार्रवाई पुराने मामले में की गई है।
मदान ने नहीं रखा पक्ष
पूरे मामले के संबंध में जब डीएसडब्ल्यू अश्वनी मदान से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। मदान ने काल तो रिसीव की, लेकिन अपना पक्ष रखने से पहले ही काल काट दी। दोबारा संपर्क किया तो व्यस्त नजर आए।