हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने गोली मारकर दोस्त को उतारा मौत के घाट
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने शनिवार रात को श्रीनगर कॉलोनी के सामने रेलवे लाइन के पास अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। मामले में पीजीआई थाना पुलिस और रेलवे पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आजाद नगर निवासी 26 वर्षीय मनोज उर्फ मौजी रात करीब नौ बजे अपने घर पर मौजूद था। तभी श्रीनगर कॉलोनी निवासी अन्नू सुनार उसके घर आया। अन्नू की मनोज के साथ काफी समय से दोस्ती थी। अन्नू अपने साथ मनोज को श्रीनगर कॉलोनी के सामने रेलवे लाइन पर ले गया। यहां पर पहले से ही अन्नू के करीब 10-12 दोस्त मौजूद थे। यहां पर सभी ने शराब पीनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद मनोज और अन्नू की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मामला ज्यादा बढ़ने पर मनोज उनके पास से उठकर अपने भाई के पास फोन करने के लिए चल दिया। वह करीब दस मीटर दूर पहुंचा ही था कि अन्नू ने पीछे से आकर मनोज की छाती में गोली मार दी। अन्नू के साथ उसके अन्य दोस्त भी थे। गोली मारने के बाद आरोपी अन्नू अपने अन्य साथियों के साथ रेलवे लाइन पार करके एकता कालोनी के रास्ते फरार हो गया। सूचना मिलते ही पीजीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके से शराब की बोतल सहित अन्य सामान मिला है। मामले में रेलवे पुलिस और पीजीआई थाना पुलिस के बीच थाना क्षेत्र को लेकर केस दर्ज नहीं हो सका। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आठ महीने पहले ही बाला जी से आया था मनोज
मृतक मनोज के भाई शंकर ने बताया कि उनका परिवार राजस्थान स्थित बाला जी धाम पर मिठाई की दुकान चलाता है। मनोज भी वहीं पर रहता था। करीब आठ महीने पहले ही वह रोहतक आया था। मनोज के दो और भाई हैं। मनोज की मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी
आरोपी अन्नू पहले से पूरी प्लानिंग के साथ आया था। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार अन्नू के साथ करीब बारह लोग थे। कुछ देर तक सभी आराम से बैठे थे। तभी अन्नू ने प्रत्यक्षदर्शी से पानी की बोतल मंगवाई। प्रत्यक्षदर्शी रावण का कहना है कि जब वह पानी की बोतल देकर लौट रहा था तो मनोज के साथ कहासुनी हो गई। वह लाइन से सड़क पर अपने भाई के पास फोन करने आया। तभी पीछे से उसे गोली मार दी।
आरोपी बोला : इंस्पेक्टर के सामने हो जाऊंगा पेश
वारदात के बाद आरोपी ने उसी प्रत्यक्षदर्शी के मोबाइल पर फोन किया। लेकिन जब तक पीजीआई थाना पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी से उसका मोबाइल ले लिया था। इसके बाद पीजीआई थाना प्रभारी राकेश सैनी से आरोपी ने बात की। आरोपी ने शहर के एक इंस्पेक्टर का नाम लेकर कहा कि वह उनके सामने पेश हो जाएगा। इसके अलावा किसी भी थाने में पेश नहीं होगा। लेकिन जब तक पीजीआई पुलिस ने संबंधित इंस्पेक्टर से बात की तो आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया।
पहले अंबेडकर कॉलोनी फिर गोहाना की मिली आरोपी की लोकेशन
वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी का मोबाइल सर्विलांस पर लगवा दिया। पहले तो आरोपी की लोकेशन रेलवे लाइन के पास अंबेडकर कॉलोनी की मिली। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आरोपी की लोकेशन गोहाना की मिली। आसपास के लोगोें ने बताया कि गोहाना में आरोपी के रिश्तेदार रहते हैं। रात को ही पुलिस गोहाना रवाना हो गई।
हत्यारे के खिलाफ चोरी और छीनाझपटी के केस दर्ज
पुलिस ने शिवाजी कालोनी थाने से आरोपी का आपराधिक रिकार्ड खंगलवाया। जांच मेें पता चला कि आरोपी अन्नू के खिलाफ पहले से ही चोरी और स्नैचिंग के करीब एक दर्जन केस दर्ज हैं। इनमें से अधिकतर में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल आरोपी जमानत पर बाहर है। आरोपी के परिवार में उसका एक भाई और है।
रेलवे लाइन बनी शराबियों का अड्डा
जिस जगह पर आरोपियों का झगड़ा शुरू हुआ वह रेलवे पुलिस के क्षेत्र में आती है। आसपास के लोगों ने बताया कि अकसर रात को रेलवे लाइन पर दूर दूर तक समूह बनाकर लोग शराब पीते हैं। उन्हें न तो रेलवे पुलिस रोकती है और न ही पीजीआई थाना पुलिस। शराबियों की हरकतों से रेलवे लाइन के सामने रहने वाले परिवार रातभर परेशान रहते हैं।
तीन दिन में दूसरी हत्या
अभी तक पुलिस शास्त्री नगर में हुई महिला शीला की हत्या का मामला सुलझा नहीं सकी थी कि दो दिन बाद ही दूसरी हत्या हो गई। लगातार हो रही वारदात के कारण पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठ गए हैं। मामले में पीजीआई थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।