वहीं बिजली, एचएसवीपी, जनस्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों ने हड़ताल से दूरी बनाए रखी लेकिन कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में दो घंटे का रोष प्रदर्शन किया। वहीं रोडवेज में भी हड़ताल का असर देखने को नहीं मिला और बस सेवा सुचारू रही।
हालांकि, प्रशासन की ओर से पहले ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती कर रखी थी। रोडवेज के स्टेशन अधीक्षक नरेश हुड्डा ने बताया कि डिपो की सभी 60 बसें विभिन्न रूटों पर भेजी गईं। इसके अलावा डिपो से अन्य शहरों से भी करीब 170 से ज्यादा बसें रवाना की गईं। यात्रियों को कोई परेशानी नहीं हुई।
पुराने बस स्टैंड तक किया प्रदर्शन
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर बहादुरगढ़ नगर परिषद इकाई के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान राजेश बालगुहेर ने की जबकि संचालन सचिव अमित परनाला ने किया। नप के गेट पर कच्चे-पक्के सहित कुल 203 सफाई कर्मचारी और ठेका कर्मी हड़ताल पर रहे।वीरवार दोपहर करीब एक बजे सभी कर्मचारी रोहतक रोड स्थित देवीलाल पार्क में एकत्र हुए और विभिन्न विभागों के जत्थों के साथ पुराने बस स्टैंड तक प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया। हड़ताल में राज्य संगठनकर्ता राजपाल, जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड, इकाई कैशियर मुकेश बालगुहेर, उपप्रधान अजय, जिला ऑडिटर संदीप टॉक, वरिष्ठ दरोगा वेदपाल सहित अनेक पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सफाई कर्मचारियों की मांगें
मुख्य मांगों में 10 वर्ष पूर्ण कर चुके कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, चार श्रम कानून रद्द करना, पुरानी पेंशन बहाल करना, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये करना, 8वां वेतन आयोग लागू करना और समान काम-समान वेतन लागू करना शामिल है। कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
एचएसवीपी कार्यालय पर लंच टाइम में प्रदर्शन
हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच से संबंधित हुडा जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन की जिला कमेटी झज्जर-बहादुरगढ़ ने राज्यव्यापी हड़ताल से बाहर रहते हुए सेक्टर-9 स्थित एचएसवीपी कार्यालय पर लंच समय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान व राज्य उपप्रधान रमन जून ने की जबकि संचालन जिला सचिव व राज्य प्रेस सचिव रमेश कुमार बिधलान ने किया। नेताओं ने बताया कि यूनियन हड़ताल से अलग है लेकिन सभी मांगों का समर्थन करती है। उन्होंने ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, कच्चे कर्मचारियों को कौशल रोजगार विभाग में समायोजित करने, समान काम-समान वेतन देने, ईपीएफ/ईएसआई जमा कराने और बूस्टिंग स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर पूर्व नोटिस के अनुसार सीवर-पानी सेवाएं बंद कर हड़ताल की जाएगी।
बिजली कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन
राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में एचएसईबी वर्कर यूनियन के बैनर तले बिजली कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर दो घंटे तक पावर हाउस के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता सुरेंद्र यादव ने की व मंच का संचालन बलवंत यादव ने किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर अब भी सरकार ने मांगों को पूरा नहीं किया तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। मौके पर सर्कल सचिव बिजेंद्र फोगाट, यूनिट प्रधान सुमित देशवाल, अमित शर्मा, रविंद्र देशवाल, मुकेश, प्रवीण, बंटी, जगमोहन, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।
फोटो-53: बहादुरगढ़ डिपो में तैनात पुलिस बल और काउंटर पर लगी रोडवेज बसें। संवाद
फोटो-53: बहादुरगढ़ डिपो में तैनात पुलिस बल और काउंटर पर लगी रोडवेज बसें। संवाद