रोहतक में बीस से अधिक लोग करा रहे देह व्यापार, पुलिस जांच में खुलासा
पुलिस ने ऐसे लोगों का ब्योरा कराया तैयार, देह व्यापार में पकड़ी गई विदेशी युवतियों से भी की जाएगी पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। दिल्ली के ही नहीं जिले के भी बीस से अधिक लोग विभिन्न स्थानों पर बाहर से युवतियों को लाकर देह व्यापार करा रहे हैं। पुलिस ने ऐसे लोगों का ब्योरा चिह्नित कर लिया है। यह खुलासा पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है। वहीं, एसपी ने कहा कि मामले में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
याद रहे कि रोहतक पुलिस ने देह व्यापार के मामले में दो विदेशी युवतियों और दलाल समेत तीन को 25 अप्रैल वीरवार देर रात एक होटल से गिरफ्तार किया था। इस दौरान होटल मालिक फरार हो गया था। पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज किया था। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कई अन्य ऐसे होटलों का भी ब्योरा तैयार कराया जा रहा है, जहां वेश्यावृत्ति कराई जाती है। कुछ होटल मालिक भी पुलिस के रड़ार पर हैं।
दिल्ली से बुर्के में लाई जा रही युवतियां
पुलिस की जांच में सामने आया है कि जब से पुलिस ने देह व्यापार में युवतियों को पकड़ा है तो गिरोह के गुर्गों ने पुलिस से बचने का अलग तरीका निकाल लिया है। बुर्का पहना कर युवतियों को विभिन्न स्थानों पर भेजा जा रहा है। ताकि पुलिस उन पर शक न कर सके। लग्जरी गाड़ियों में ही युवतियों को भेजा जाता है।