कस्बे की पुरानी अनाज मंडी में शनिवार देर शाम बाइक सवार तीन हथियारबंद युवक एक किरयाणा स्टोर संचालक से 20 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। बदमाशों ने महज दो मिनट में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। देर रात तक लुटेरों का सुराग नहीं लगा था।
मंडी निवासी राजीव बंसल शांती स्वरूप के नाम से किरयाणा की दुकान चलाते हैं। वे रात सवा आठ बजे दुकान मंगल करने की तैयारी में थे। इसी दौरान एक बुलेट बाइक पर तीन युवक वहां आए। इनमें से दो युवक बाहर खड़े हो गए। उनका तीसरा सामान लेने के बहाने दुकान में घुस आया। इसने दुकानदार से सामान मांगा। वह सामान देने लगा तो उसने पिस्तौल तान दी। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए गुल्लक में रखे करीब 20 हजार रुपये निकालकर बाजार की तरफ भाग निकले। दुकानदार ने बाइक सवारों को पकड़ने के लिए आस-पास के लोगों को आवाज लगाई। इस पर सभी मंडी व्यापारी इकट्ठा हुए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकानदार से लुटेरों के बारे में पूछताछ कर उनकी तलाश शुरू की। सड़कों पर नाकाबंदी कर पड़ताल भी की गई, मगर देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लगा। मंडी में सुरक्षा के लिहाज से एक पीसीआर तैनात है। यह वाहन वारदात से करीब दस मिनट पहले ही वहां से गई थी। यहां छह महीने पहले भी दिन दहाड़े लूट की वारदात हो चुकी है। कार सवार पांच बदमाशों ने मेन बाजार व मंडी में हजारों की लूट की थी। पुलिस बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
सीसीटीवी कैमरा था बंद
दुकानदार ने सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। शनिवार को दिन में बच्चों ने इन्हें बंद कर दिया। इसके चलते लुटेरों की तस्वीर या लूट की वारदात सीसीटीवी में कैद नहीं हुई। दुकानदार राजीव ने बताया कि उसे शनिवार शाम को शादी में जाना था। इसलिए दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा। परिवार के अन्य सदस्य शादी में जा चुके हैं।