जलघर में पानी न होने पर जताया रोष
चरखी दादरी।
जिले के करीब 12 गांवों के सरपंचों ने गांवों के जलघरों में पानी नहीं होने पर सोमवार को रोष जताया। इसके बाद उन्होंने डीसी की अनुपस्थित में उनके सहायक को ज्ञापन सौंपा।
इन गांवों के सरपंचों को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों नेे सोमवार को बुलाया था ताकि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल की व्यवस्था व पानी की बचत पर चर्चा की जा सके। सुबह इन गांवों के सरपंच विभाग के कार्यालय में पहुंचे और अधिकारियों का काफी देर तक इंतजार किया लेकिन किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने से सरपंचों में रोष पैदा हो गया। काफी देर बाद जनस्वास्थ्य विभाग के जेई व कर्मचारी वहां पहुंचे। इन सरपंचों ने जेई को बताया कि गांव चरखी, खेड़ी बूरा, फतेहगढ़, अटेला, बिरही कलां,पैतावास, भैरवी, घिकाड़ा, साहुवास सहित दर्जन भर गांवों में पेयजल की ज्यादा किल्लत बनी हुई। जलघरों में पानी नहीं डाला जा रहा है जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों को दूरदराज के भागों से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। खेतों में ट्यूबवेल आदि के जरिए पानी की आपूर्ति करनी पड़ रही है। इसे लेकर विभाग कर्मचारियों व सरपंचों के बीच कई देर तक तर्क-वितर्क चलता रहा।
इसके बाद सभी सरपंच डीसी कार्यालय पहुंचे तथा वहां डीसी के सहायक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए इन गांवों में बिजली-पानी का समुचित प्रबंध करने की मांग की गई। इन सरपंचों नेे ज्ञापन में बताया कि अब गर्मी का मौसम आने वाला है। गर्मी में पानी की खपत ज्यादा बढ़ जाती है। बिजली की किल्लत भी हो जाती है। प्रशासन को गांवों में बिजली-पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास करने चाहिए। जलघरों की नियमित रूप से छंटाई होनी चाहिए। नहरी पानी के जरिए सभी जलघरों में पानी डाला जाए ताकि जलघरों के जरिए घरों में पानी की नियमित रूप से आपूर्ति हो सके। इस मौके पर चरखी के सरपंच गुलजारी, घिकाड़ा के सरपंच सोमेश, अटेला के सरपंच कृष्ण, पृथ्वी नंबरदार, नरेंद्र डुड्डी सरपंच प्रतिनिधि नरेंद्र फतेहगढ़, सरपंच संदीप साहुवास, सरपंच इंद्रवेश कासनी, सरपंच कृष्ण अटेला, सरपंच अशोक, सतेंद्र भैरवी, दलीप भैरवी, जिले सिंह, शीशराम, प्रीत, रामनिवास, रामकिशन, राजबीर, जयभगवान व शमशेर आदि मौजूद थे।
== गांव चरखी में जलघर में पानी डाले जाने के लिए लोहारू नहर से पाइप लाइन बिछाई जानी है लेकिन यह फाइल अधर में ही लटकी हुई है जिससे गांव के जलघर में पानी नहीं डाला जा रहा है। ग्रामीण बेहद परेशान हैं। प्रशासन व विभाग को जलघर तक पाइप लाइन बिछाई चाहिए।
सरपंच गुलजारीलाल, गांव चरखी
:: गांव फ तेहगढ़ में जलघर निर्माण पर 89 लाख रुपये की राशि खर्च हो चुकी हैं फिर भी ग्रामीण प्यासे हैं। जलघर में पानी नहीं पहुुंच पा रहा है। अब गर्मी का मौसम आने पर पेयजल संकट और गहराएगा। प्रशासन व विभाग को इस पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
सरपंच प्रतिनिधि नरेंद्र, फतेहगढ़
:: गांव घिकाड़ा में पशुओं के लिए भी पानी नहीं है। जलघर की छंटाई नहीं हो पा रही है। पाइप लाइन डाले जाने का काम भी नहीं हो पा रहा है। इस समय जलघर में खराब पानी बचा है।
सरपंच सोमेश, घिकाड़ा