---------------
आडवाणी के नुस्खे से कांग्रेस में नई जान फूंकने की तैयारी में हुड्डा
फरवरी में निकालेंगे रथ यात्रा, उसके बाद करेंगे महारैली करेंगे
मयंक तिवारी
रोहतक। गुजरात में कांग्रेस का प्रचार करके लौटे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पार्टी में नई जान फूंकने के लिए आडवाणी नुस्खे को करीब 27 साल बाद दोहराने की तैयारी में हैं। उनकी योजना फरवरी में रथयात्रा निकालने की है। इसका समापन एक महारैली से होगा। गुजरात के नतीजों पर प्रतिक्रिया में सोमवार को हुड्डा ने यह जानकारी दी।
हुड्डा ने बताया कि गुजरात में कांग्रेस की सीटों में इजाफा हुआ। इससे जाहिर है कि जनता का विश्वास पार्टी में बढ़ा है। हरियाणा में फरवरी माह से एक रथ यात्रा शुरू करेंगे। जो प्रदेश की 90 विधानसभा के गांव-गांव व चौपाल से हो कर गुजरेगी। जनता को सुनने के बाद कार्यक्रम के अंत में एक महारैली की योजना है। जिसमें प्रदेश से 10 लाख लोगों को एकत्रित करने की योजना है। इस रैली के लिए स्थान का चयन होना बाकी है। साथ ही महारैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को मुख्य अतिथि के रूप में लाने की योजना है।
आडवाणी की रथ यात्रा ने किया था भाजपा का कायाकल्प
भाजपा के मार्गदर्शक और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने 25 सितंबर को सोमनाथ से अयोध्या के लिए रथ यात्रा शुरू की थी। हालांकि आडवाणी को बीच में ही गिरफ्तार कर लिया गया मगर यह रथ यात्रा देश की राजनीति के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इसने न केवल राष्ट्रीय राजनीति में आडवाणी का कद बढ़ाया, बल्कि भाजपा का भी कायाकल्प किया।