जनता तय करेगी नई पार्टी बनानी है या नहीं: राजकुमार सैनी
चरखी दादरी।
प्रदेश की सत्ता की बागड़ोर जिसके हाथ में भी आई है उसने अपने चहेतों को नौकरी देने का काम किया है। दस साल तक प्रदेश का राज संभालकर बेरोजगारी को बढ़ावा देने वाले भूपेंद्र सिंह हुड्डा अब रोजगार देने की बात कह रहे हैं। हुड्डा जनता को बताएं तो सही अब ऐसी कौन-सी जादू की छड़ी उनके पास आ गई है जिससे वो युवाओं को रोजगार देने का मार्ग प्रशस्त कर देंगे। यह बात कुरूक्षेत्र सांसद राजकुमार सैनी ने शहर के सैनीगंज मोहल्ला में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। सांसद सैनी ने कहा कि जींद में 26 नवंबर को आयोजित होने वाले सम्मेलन में जनता तय करेगी कि मुझे नई पार्टी बनानी है या नहीं।
सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि कुछ लोग उन्हें जींद रैली में न पहुंचने देने की धमकियां दे रहे हैं लेकिन वो इनसे डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनेताओं ने देश का माहौल बिगाड़ दिया है। देश में गरीबों को 35 किलोग्राम अनाज देकर उनकी वोट हथियाने का खेल कांग्रेस राज में शुरू हुआ था जोकि अब हर राज्य में फैलता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की ओछी मानसिकता से अब देश व प्रदेश दोनों को उबारने की जरूरत है। इस दौरान सांसद की सुरक्षा में पुलिस कर्मचारी पूर्णतया अलर्ट रहे। आयोजकों के अलावा पुलिस कर्मचारियों ने किसी को मंच तक नहीं जाने दिया। बाद में सांसद के कहने पर कुछ परिचित लोगों को ही मंच के पास बैठाया गया लेकिन उनका मुंह जनता की तरफ किया गया।