अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिले के आठ सरकारी एवं चार सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में पहली लिस्ट में नाम नहीं आने वाले विद्यार्थियों का इंतजार आज खत्म हो जाएगा। उम्मीद है कि सोमवार दोपहर के बाद दूसरी कट ऑफ लिस्ट जारी हो जाएगी। वहीं दो दिन एडमिशन प्रक्रिया चलने के बाद खाली पड़ी सीटों के लिए 13 जुलाई को अंतिम एवं तीसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी।
छह जुलाई को जारी हुई पहली कट ऑफ लिस्ट के बाद रविवार को एडमिशन का आखिरी दिन होने के चलते कॉलेजों में एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। कॉलेजों ने भी एडमिशन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। एक टीम जहां चालान निकाल रही थी, वहीं दूसरी टीम ऑफलाइन चालान फीस जमा कराने में लगी थी।
रविवार को पहली कट ऑफ लिस्ट में आए विद्यार्थियों के एडमिशन प्रक्रिया पूरी हो गई। सोमवार को दूसरी कट ऑफ लिस्ट जारी होगी। वहीं 13 जुलाई को तीसरी कट ऑफ लिस्ट विद्यार्थियों के लिए अंतिम मौका होगा। -पूजा खुल्लर, प्रिंसिपल, महिला कॉलेज, सेक्टर-18