ऑनलाइन ठगी करने वाले हर रोज नए-नए रास्ते ढूंढ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला महम में सामने आया है, जिसमें लोन का लालच देकर ऑनलाइन दो लाख रुपये की ठगी की गई है। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की है।
शिकायत में मोहम्मद शरीफ ने बताया कि उसका महम के एक बैंक में खाता है। उसने एप के माध्यम से लोन अप्लाई किया था, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। उसके बाद लोन देने वाली कंपनी का नंबर सर्च किया। जो नंबर उसे मिला, उस पर कॉल की गई। कॉल रिसीव करने वाले ने अपने आप को कंपनी का उच्च अधिकारी बताया और उसके मोबाइल में एक एप डालकर उसे इंस्टॉल करने के लिए कहा। इससे उसके मोबाइल की स्क्रीन फोन करने वाले के कंट्रोल में चली गई तथा उसने बारी-बारी से उसके खाते से 199996 रुपये निकाल लिए। इसके बाद मोबाइल पर रुपये निकलने के मैसेज आए तो उसे ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।