हिसार। सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में खरड़ गांव निवासी गीता रानी ने बताया कि तीन अप्रैल को वह दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे स्कूटी लेकर अपने खेत में पानी की मोटर चलाने के लिए गई थी। उसने आरोप लगाया कि जब वह खेत में सड़क के किनारे पहुंची तो वहां पर पिरथी के तीन लड़के सनम, सुमित व प्रीत, पिरथी की पत्नी फूली देवी, सनम की पत्नी, अमित की पत्नी, पवन व उसकी घरवाली, पवन का पिता छोटूराम इकट्ठे होकर आए और उसे बालों से पकड़ कर घसीटते हुए ढाणी में ले गए। आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंद करके रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई की। उसके भाई कृष्ण ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो आरोपियों ने पुलिस के डर से उसे छोड़ दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
जांचकर्ता हेड कांस्टेबल विरेंद्र सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपियों खरड़ निवासी सनम, अमित, प्रीत, फूली देवी, पवन, छोटू राम, सनम व पवन की पत्नियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 149, 323, 325, 342, 506 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।