फ्लैग : माडल टाउन में विकास की भेंट चढ़ रहा पैसा व हरे पेड़
हेडिंग : 59 हरे पेड़ों पर चली आरी, दो माह पहले बिछाई 45 लाख की टाइल भी उखाड़ी
: निगम पावर हाउस चौक से डिग्गी तक बना रहा सड़क के बीच डिवाइडर
: भाजपा पार्षद बोले, पब्लिक की डिमांड पर चौड़ा किया जा रहा रोड
: अधिकारियों ने साधी चुप्पी, आयुक्त शुक्रवार तक बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। नगर निगम किस तरह विकास के नाम पर पानी की तरह पैसा बहा रहा है, इसकी बानगी माडल टाउन में पावर हाउस चौक से डिग्गी तक बन रही सड़क पर जाकर देखी जा सकती है। सड़क को चौड़ा करने के नाम पर एक तरफ जहां बुधवार को 59 हरे पेड़ काट दिए गए। साथ में दो माह पहले बिछाई 45 लाख की इंटर लाकिंग टाइल भी उखाड़ दी। अब उन्हें सरकारी गोशाला में भेजा जा रहा है।
निगम की तरफ से पुराने वार्ड नंबर 10 में पावर हाउस चौक से डिग्गी तक सड़क के दोनों तरफ इंटर लाकिंग टाइल लगाई गई थी, जिसे बाईंडिंग कहा जाता है। इसके लिए 45 लाख का टेंडर छोड़ा गया था। लोगों ने बताया कि अब निगम सड़क को चौड़ा करने का प्रोजेक्ट तैयार कर रहा है। इसके लिए वन विभाग से अनुमति लेकर सड़क किनारे लगे हरे पेड़ काटे जा रहे हैं। साथ ही टाइलों को निगम की सरकारी गोशाला में भेजा जा रहा है। अब सवाल उठता है कि अगर निगम को सड़क चौड़ी करनी थी तो लाखों रुपये की इंटर लॉकिंग टाइल क्यों लगाई। साथ ही हरे पेड़ काटने कहां तक उचित हैं।
पब्लिक की मांग पर चौड़ी की जा रही सड़क
माडल टाउन के लोगों ने ही सड़क चौड़ी करने की मांग की थी। इसके चलते सड़क के बीचोंबीच डिवाइडर बनाया जाएगा। इस कारण सड़क किनारे पेड़ काटे गए हैं।
-अशोक खुराना, भाजपा पार्षद
अधिकारियों ने साधी चुप्पी, आयुक्त ट्रेनिंग पर
पूरे मामले को लेकर जब निगम प्रशासन से बात की गई तो किसी अधिकारी ने जवाब नहीं दिया। एक अधिकारी ने कहा कि मीडिया से बातचीत करने से मना किया गया है। इसके बाद निगम आयुक्त आरएस वर्मा से संपर्क किया गया, लेकिन पता चला कि वे ट्रेनिंग पर बाहर गए हैं। शुक्रवार को कार्यालय में आएंगे।