गेहूं का गबन करने के मामले में तीन पर केस दर्ज
चरखी दादरी।
लोहारू चौक स्थित ज्योति फ्लोर मिल से सरकारी गेहूं के कट्टे उतारने के मामले में सिटी थाना पुलिस तीन नामजद लोगों पर गबन व धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। इनमें डिपो संचालक महेश कुमार, मिल संचालक महाबीर व गाड़ी (टाटा एस) चालक ईश्वर सिंह शामिल हैं। वहीं, मामला उजागर होने के अगले ही दिन खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम भी गांव खेड़ी बत्तर राशन डिपो पर पहुंची। विभागीय टीम ने यहां करीब छह-सात घंटे तक जांच की और इस दौरान डिपो का सारा रिकॉर्ड का मिलान किया गया। देर शाम तक भी खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम डिपो पर डेरा डालते हुए थी। डिपो से टीम को कुछ राशन का स्टॉक मिला है तो वहीं दाल व चीनी का स्टॉक शून्य पाया गया। विभागीय सूत्रों की मानें तो कंफैड रिकॉर्ड का मिलान करते ही राशन के गड़बड़झाले की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
सिटी थाना पुलिस ने भी इस संबंध में डिपो संचालक महेश कुमार, फ्लोर मिल संचालक महाबीर व गाड़ी चालक चरखी निवासी ईश्वर सिंह के खिलाफ सरकारी राशन के गबन व धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज किया था। वीरवार दोपहर करीब 12 बजे आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार अपनी टीम सहित खेड़ी बततर पहुंचे और उन्होंने वहां रखे रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान टीम ने यहां रखे बाजरे, गेहूं के कट्टों का एक-एक कर वजन किया और इसकी एक रिपोर्ट भी तैयार की। देर शाम तक विभागीय टीम यहां डटी हुई थी और रिकॉर्ड का मिलान करने में जुटी थी।
ये है गेहूं गबन का मामला
ज्ञात रहे कि गांव खेड़ी बत्तर के कुछ ग्रामीणों ने बुुधवार देर शाम सरकारी गेहूं के कट्टों से भरी गाड़ी लोहारू चौक समीप स्थित ज्योति फ्लोर मिल में जाने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी थी। इसके अलावा इन ग्रामीणों ने गेहूं के कट्टों से लदी गाड़ी का पीछा किया और इसके मिल में एंट्री लेने तक के माजरे को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गाड़ी व इसमें रखे कट्टों को जब्त कर लिया था। देर रात खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार सिटी पुलिस थाने गेहूं की जांच के लए पहुंचे थे। जांच के दौरान उन्होंने गाड़ी में गेहूं से भरे 14 कट्टों व छह बारदाना के सरकारी होने की पुष्टि की थी। इस संबंध में संदीप कुमार ने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के नाम एक शिकायत भी लिखी थी। शिकायतकर्ता ने ये गेहूं गांव के राशन डिपो से आने के आरोप लगाए थे। हालांकि डिपो संचालक के भाई ने इन आरोपों को नकारते हुए इस गेहूं से अनभिज्ञता जाहिर की थी।
वर्जन::
पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की धारा 409 व 420 के तहत केस दर्ज कर लिया है। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी देर रात मौके पर बुला लिया था। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता
वर्जन::
गाड़ी में जो गेहूं मिला था वो सरकारी था। हमने खेड़ी बत्तर राशन डिपो पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। रिकॉर्ड का हम मिलान कर रहे हैं और इस प्रक्रिया में समय लग सकता है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि यह गेहूं डिपो का है या नहीं।
इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, खाद्य आपूर्ति विभाग